बस्ती जिले की गौर थाना पुलिस व एसओजी टीम ने मुठभेड़ के दौरान 25 हजार के इनामी गो तस्कर सहित तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। घेराबंदी के दौरान गो तस्कर द्वारा की गई फायरिंग में गोली एक कांस्टेबल की जांघ में लगी है। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक गो तस्कर के पैर में गोली लगने के बाद उनकी गिरफ्तारी की गई। घायल कांस्टेबल और गो तस्कर को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार, बस्ती जिले के गौर थाने का गैंगस्टर राशिद पुत्र हसनैन निवासी अहमदनगर तराना थाना भोट जनपद रामपुर अपने दो अन्य साथियों के साथ एसओजी टीम व गौर पुलिस द्वारा संयुक्त कार्रवाई में गिरफ्तार किया गया।
मुठभेड़ में शातिर गो तस्कर राशिद के दाहिने पैर में गोली लगी है। एसओजी के कांस्टेबल अजय यादव के बाएं जांघ में गोली लगी है। एक तमंचा 315 बोर तथा कारतूस एक तमंचा 12 बोर व कारतूस और एक चाकू मौके से बरामद किया गया है। साथ ही एक चार पहिया वाहन स्विफ्ट डिजायर सिल्वर कलर up16 एएफ 2208 बरामद हुआ।
घायलों को प्राथमिक उपचार हेतु तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गौर भेजा गया। वहां से जिला अस्पताल रेफर किया गया है। राशिद थाना गौर से गैंगस्टर एक्ट में वांछित है। इसके ऊपर 25000 रुपये का पुरस्कार घोषित है।