गोरखपुर जिले के कैंपियरगंज क्षेत्र के बलुआ ग्राम सभा में रविवार को एक साथ सात कोरोना संक्रमित मिलने से गांव में हड़कंप मच गया। संक्रमितों में सभी सदस्य एक ही परिवार के बताए जा रहे हैं। इनमें एक साल और दो साल के दो मासूम भी शामिल हैं। संक्रमितों के मिलने के बाद से धानी सीएचसी की टीम ने गांव में कैंप लगाकर जांच कराने की बात कही है। हालांकि इन लोगों की जांच महाराजगंज के धानी सीएचसी पर मोबाइल टीम की ओर से की गई है।
कोरोना मरीजों की संख्या लगातार हो रही कमी के बीच अचानक सात मरीजों का मिलना विभाग के सामने कई मुश्किलें खड़ा कर सकता है। बताया जा रहा है कि धानी सीएचसी के मोबाइल टीम द्वारा रविवार को बलुआ गांव में जांच की गई। इसमें एक ही परिवार के सात लोग संक्रमित मिले। विभाग इन लोगों की ट्रैवेल हिस्ट्री जानने में जुट गया है।
सीएचसी के डॉ. नीरज सिंह ने बताया कि रविवार को सीएचसी धानी की मोबाइल टीम की ओर से आरटीपीसीआर और एंटीजन किट से 314 लोगों की जांच की गई। इसमें सात लोग कोरोना संक्रमित मिले हैं। जांच टीम में एलटी अजय कुमार, आनंद कुमार, ऋषिकेश गुप्ता शामिल रहे। सीएमओ सुधाकर पांडेय ने बताया कि मामला महराजगंज से जुड़ा हुआ है। मरीजों की रिपोर्ट जिले में नहीं जोड़ी गई है। इसके बाद भी जिले के स्वास्थ्य विभाग की टीम को एक्टिव कर दिया गया है।