खुद को एसडीएम बताकर जालसाजी करने वाले तीन सगे भाइयों को बुधवार को राजघाट पुलिस ने ट्रांसपोर्ट नगर के पास से गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों पर पुलिस ने लोकसेवक का रूप धारण कर जालसाजी करने की धारा में केस दर्ज कर कोर्ट में पेश किया, जहां से जेल भेजा गया।
आरोपियों की पहचान तिवारीपुर के बख्तियार निवासी मुहम्मद अशफाक, मुहम्मद इकबाल और मुहम्मद आफताब के रूप में हुई। एसपी सिटी कृष्ण कुमार बिश्नोई ने बताया कि तीनों भाई फर्नीचर की दुकान पर गए थे। वहां पर छह हजार रुपये का फर्नीचर तीन हजार में मांगने लगे। दुकानदार ने मना किया तो एक ने खुद को एसडीएम बताते हुए कहा कि दुकान का लाइसेंस निरस्त करा देंगे।
उधर से गुजर रहे दो सिपाहियों से दुकानदार ने कहा तो सिपाहियों पर भी कार्रवाई की धौंस देने लगे। सिपाहियों की सूचना पर पहुंचे चौकी इंचार्ज ट्रांसपोर्ट नगर कुंवर गौरव सिंह ने आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो पता चला कि तीनों जालसाज हैं।