गुलरिहा। खुटहन खास में जमीन पर कब्जे के लिए दो पड़ोसियों के बीच हुए खूनी संघर्ष के मामले में गुलरिहा पुलिस ने दोनों पक्षों से तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर रविवार को जेल भेज दिया। गिरफ्तार आरोपियों में एक पक्ष के सगे भाई अजय और धर्मेंद्र तथा दूसरे पक्ष का शेषनाथ शामिल है। मामले में नौ लोगों के खिलाफ हत्या के प्रयास समेत विभिन्न गंभीर धाराओं में प्राथमिकी दर्ज है।
खुटहन खास टोला शाहपुर में शुक्रवार दोपहर जमीन पर कब्जे को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी के बाद मारपीट हो गई थी। देखते ही देखते दोनों ओर से लाठी-डंडे और धारदार हथियार चलने लगे। दोनों पक्षों के दो युवक घायल हुए थे। इनमें सुधाकर के सिर में गंभीर चोट आई है और उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। आशा देवी ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया कि जमीन के विवाद को लेकर सागर, सुधाकर, अजय, धर्मेंद्र और अतुल शर्मा ने गाली-गलौज शुरू की। विरोध करने पर आरोपियों ने उनके बेटे मनीष की गर्दन और पीठ पर चाकू से हमला कर दिया।
वहीं, दूसरे पक्ष के अजीत शर्मा ने आरोप लगाया कि मनीष गोंड, शेषनाथ गोंड, विकास प्रजापति और रागिनी गोंड ने अतुल शर्मा, सुधाकर और विकास के साथ मारपीट की। आरोप है कि जान से मारने की नीयत से किए गए हमले में सुधाकर के सिर में गंभीर चोट लगी। दोनों पक्षों की तहरीर पर पुलिस ने नौ नामजद आरोपियों के खिलाफ मारपीट, धमकी और हत्या के प्रयास समेत अन्य धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की थी। शनिवार रात पुलिस ने तीन आरोपियों को पकड़ लिया। रविवार को तीनों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। सीओ गोरखनाथ रवि सिंह ने बताया कि मामले में नामजद अन्य आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।