- तीन चालू हुक्के, फ्लेवरयुक्त तंबाकू, कोयला और नकदी बरामद
बड़हलगंज (गोरखपुर)। बड़हलगंज पुलिस ने अवैध रूप से संचालित हुक्का बार का भंडाफोड़ करते हुए संचालक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से तीन चालू हुक्के, फ्लेवरयुक्त तंबाकू, हुक्का संचालन में प्रयुक्त अन्य सामान और नकदी बरामद की है। मामले में पुलिस ने संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
कोतवाली प्रभारी अतुल कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि शनिवार को सूचना मिली थी कि देवरिया रोड स्थित विकास निषाद के मकान में क्लब की आड़ में अवैध रूप से हुक्का बार संचालित किया जा रहा है। यहां कम उम्र के युवक-युवतियों को बुलाकर हुक्का पिलाया जाता था और इसके बदले प्रति व्यक्ति 400 से 500 रुपये तक वसूले जाते थे। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने छापा मारा। मौके से आर्यन साहनी (20) निवासी बुढ़नपुरा, थाना बड़हलगंज को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान पुलिस ने तीन चालू हुक्के, 23 पैकेट फ्लेवरयुक्त तंबाकू, एक बॉक्स क्यूब कोल (कोयला), 55 डिस्पोजेबल हुक्का माउथ टिप्स, एक कोल बर्नर और 1,440 रुपये नकद बरामद किए। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी हुक्का बार संचालन का कोई वैध लाइसेंस प्रस्तुत नहीं कर सका। एसपी साउथ दिनेश पुरी ने बताया कि मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। अग्रिम विधिक कार्रवाई जारी है।