गोरखपुर जिले के पीपीगंज थाना क्षेत्र के बेलघाट खुर्द गांव में एक व्यक्ति के घर में घुसकर मारपीट करने वाले कार सवार पांच बदमाशों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। दरअसल, परिवार के एक सदस्य को फोन कर आरोपी ने धमकी दी थी, इसका केस दर्ज कराने के विरोध में घर घुसकर मारपीट की गई। पुलिस ने तहरीर के आधार पर गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया है।
पकड़े गए आरोपियों की पहचान संतकबीरनगर जिले के मेंहदावत इलाके के हरपुर गांव निवासी शिवम तिवारी, निखिल गुप्ता, अविनाश त्रिपाठी, गणेश प्रताप गौतम, रजनीकांत के रूप में हुई। जानकारी के मुताबिक, बेलघाट खुर्द गांव के एक परिवार की लड़की की शादी की बातचीत शिवम तिवारी से चल रही थी।
लड़का पसंद नहीं आने पर परिवार वालों ने शादी तय नहीं की, लेकिन शिवम तभी से फोन कर धमकी देने लगा। पुलिस ने इस मामले में कुछ साल पहले धमकी का केस दर्ज कर चार्जशीट दाखिल कर दिया था, लेकिन शिवम नहीं माना। फिर उसने कुछ दिन पहले फोन करके धमकी दी थी।
मामला संज्ञान में आने पर पीपीगंज पुलिस फिर केस दर्ज कर जांच में जुटी थी। इसी बीच आरोपी बुधवार रात लड़की घर पर पहुंचे और गाली देने लगे। परिवार वालों ने दरवाजा खोला तो मारपीट करने लगे। गांव वालों के आने पर आरोपी कार में सवार होकर भागने की कोशिश किए। कार पीछे करते समय बाइक भी क्षतिग्रस्त हो गई।
पुलिस ने केस दर्ज कर पांचों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया, जहां से जेल भेजा गया। एसओ दीपक सिंह ने बताया कि मामले में तहरीर के आधार पर गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर पांच लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपियों को पुलिस ने जेल भिजवा दिया।