गोरखपुर। शाहपुर इलाके की जटेपुर रेलवे कॉलोनी में बुधवार को चोरों ने रेल कर्मचारी के आवास को निशाना बनाकर 14 हजार रुपये नकद समेत तीन लाख के गहने चोरी कर लिए। वारदात के समय कर्मचारी की पत्नी बच्चों को रेलवे अस्पताल दिखाने गई थीं। करीब दो घंटे बाद लौटने पर घर का सामान बिखरा मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल की जांच की और चोरों की तलाश शुरू कर दी है।
यांत्रिक कारखाना, पूर्वोत्तर रेलवे में तकनीशियन राम आशीष यादव जटेपुर रेलवे कॉलोनी के आवास संख्या 140-बी में परिवार के साथ रहते हैं। बुधवार सुबह करीब 10:15 बजे उनकी पत्नी बच्चों को दिखाने रेलवे अस्पताल गई थीं। करीब 12:10 बजे वापस लौटीं तो घर के पीछे का दरवाजा टूटा मिला। अंदर जाने पर कमरों का सामान अस्त-व्यस्त था। जांच में पता चला कि चोरों ने अलमारी का लॉकर तोड़कर छह जोड़ी पायल, सोने का मंगलसूत्र, नथिया, कान की बालियां और 14 हजार रुपये नकद समेत अन्य सामान पार कर दिया। परिजन ने पुलिस को घटना की सूचना दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ संदिग्धों के बारे में जानकारी जुटा रही है। थाना प्रभारी अंजय सिंह का कहना है कि तहरीर और जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।