अगर गोद में मासूम लिए दो से तीन महिलाएं ऑटो में सवार होकर बार-बार नजदीक आने की कोशिश करें तो सतर्क हो जाएं। ये चोरनी भी हो सकती हैं।
दरअसल, गोद में बच्चा होने की वजह से लोग ये सोचते हैं कि बच्चे की वजह से ऐसा हो रहा है, लेकिन असल में वह करीब आकर चोरी की घटनाओं को अंजाम देती हैं फिर फरार हो जाती हैं। इसकी जानकारी भी तब होती है, जब वह ऑटो से उतरकर जा चुकी होती हैं। वहीं, कई ऐसे ऑटो वाले जालसाज भी हैं जो झांसा देकर गहने व नकदी लेकर फरार हो जाते हैं।
शहर में इसी तरह का मामला एक बार फिर सामने आया है। पुलिस के मुताबिक, त्योहार में भीड़ बढ़ने पर गैर प्रदेश से आने वाली महिलाओं का गिरोह इस काम को करता है। गोद में बच्चे को ढाल बनाकर वह वारदात को अंजाम देती हैं। एम्स इलाके में इस तरह की घटना सामने आ चुकी है, जब बुजुर्ग महिला से जालसाजी हुई थी, जिसके आरोपी को पुलिस ने जेल भेजा था। अब इस तरह के मामले तेजी से बढ़े हैं।
इसे भी पढ़ें: ऑटो में सवार होकर गहने, नकदी चुराने वाली तीन महिलाएं गिरफ्तार
त्योहार में लोग परिवार के साथ निकलते हैं, फिर ये लोग उसे निशाना बना ले रहे हैं। मोहद्दीपुर के पास 30 अक्तूबर को हुई घटना में भी यही सामने आया था। बच्चा गोद में होने की वजह से करीब आकर वह पर्स लेकर फरार हो गई थी। पुलिस ने आरोपियों को जेल भेजा।