गोरखपुर। नगर आयुक्त अजय जैन ने कहा कि डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण करने वाले वाहन चालक को यूजर चार्ज कलेक्शन रजिस्टर नियमित रूप से अपडेट रखने और प्रतिदिन कम से कम 500 घरों से कूड़ा संग्रहण सुनिश्चित करें। प्रतिदिन एक वार्ड का निरीक्षण कर सफाई निरीक्षक वार्ड का रिपोर्ट दें।
नगर आयुक्त अजय जैन बृहस्पतिवार को जोन संख्या-पांच के वार्ड संख्या-नौ नकहा का निरीक्षण कर सफाई व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने कौशलपुरम, शास्त्रीनगर और गायत्रीपुरम कॉलोनियों में साफ-सफाई, डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण और यूजर चार्ज वसूली की समीक्षा की व आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक घर तक नियमित रूप से स्वच्छता सेवाएं पहुंचनी चाहिए। नगर आयुक्त ने सफाई निरीक्षक सुनील सिंह को निर्देशित किया कि वे प्रतिदिन सुबह छह बजे क्षेत्र में निकलकर कम से कम एक वार्ड का निरीक्षण करें। साथ ही सफाई कर्मचारियों की उपस्थिति, वार्ड की सफाई व्यवस्था, नालियों की सफाई और डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण की नियमित निगरानी सुनिश्चित करें।
निरीक्षण के दौरान अपर नगर आयुक्त प्रमोद कुमार, जोनल सेनेटरी अधिकारी अखिलेश श्रीवास्तव, मुख्य सफाई निरीक्षक पवन, सफाई निरीक्षक सुनील सिंह सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।