गोरखपुर जिले में अगले सप्ताह भी मौसम का मिजाज बदला रहेगा। आगामी पांच दिनों तक हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। कृषि विज्ञान केंद्र के कृषि मौसम वैज्ञानिक डॉ. नितीश पांडेय ने बताया कि मौसम विभाग नई दिल्ली से प्राप्त आंकड़ों के विश्लेषण के अनुसार आगामी पांच दिनों में शुरू के दो दिन चौतरफा बारिश की संभावना है। उसके बाद बारिश कम होने के आसार है।
उन्होंने बताया कि इस दौरान आसमान में बादल छाए रहेंगे। आगामी पांच दिनों में अधिकतम तापमान 32 से 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 से 26 डिग्री सेल्सियस के बीच बना रहेगा। पुरुवा हवा छह से आठ किलो मीटर प्रति घंटे की गति से चलने की संभावना है। हवा में अधिकतम आद्रता 90 से 96 प्रतिशत तक रहने के आसार हैं।
आगामी मौसम के अनुसार फसल की देखभाल करें किसान
मौसम वैज्ञानिक डॉ. नितीश पांडेय ने बताया कि अगले पांच दिन मौसम के जो आसार हैं उसके मुताबिक किसानों को विशेष एहतियात बरतने की जरूरत है। उन्होंने बताया कि अगर सब्जी की खेती पानी लगा हो तो जल्द से जल्द पानी निकालने की समुचित व्यवस्था करें। किसी भी प्रकार के खरपतवारनाशी एवं कवकनाशी आदि का छिड़काव ना करें। यदि खेत में ज्यादा पानी ना लगा हो तो यूरिया और जिंक को मिलाकर खेत में डालें।
नीम कोटेड यूरिया का प्रयोग करें यदि नीम कोटेड यूरिया उपलब्ध ना हो तो नीम आयल को सामान्य यूरिया में मिलाकर प्रयोग करें। धान के खेत में खरपतवार निकालने के बाद ही टॉप ड्रेसिंग करें। लगातार बारिश होने के कारण अरहर की फसल को नुकसान हो सकता है, अत: आगामी दिनों में बारिश को देखते हुए जल निकासी का प्रबंध करें। धान में कीट के नियंत्रण के लिए लैम्डासायहाइलो थिन 1.5 से 2.0 मिली प्रति लीटर पानी में डालकर साफ मौसम होने पर ही छिड़काव करें।