गोरखपुर। जल्द ही रामगढ़ताल के दूसरे छोर पर मोहद्दीपुर से सहारा एस्टेट तक ताल रिंग रोड पर लोग फर्राटा भरते नजर आएंगे। करीब चार किमी लंबी इस सड़क का 70 फीसदी कार्य पूरा हो चुका है। सड़क के दोनों तरफ फुटपाथ भी बन रहा है ताकि लोग सुबह की सैर भी कर सकें। मई तक इस रिंग रोड को तैयार कर लिया जाएगा। इसके बनने से देवरिया बाईपास रोड पर सहारा एस्टेट के आसपास जाना आसान होगा। वहीं, मोहद्दीपुर के जाम में लोगों को जूझना नहीं पड़ेगा।
का निर्माण तेजी से कराया जा रहा है। लगभग 28 करोड़ रुपये की लागत से बन रही यह सड़क शहर की यातायात व्यवस्था को नई दिशा देगी। जीडीए की ओर से बनाई जा रही इस परियोजना को पूरी होने के बाद न केवल मोहद्दीपुर और कुनराघाट मुख्य मार्ग पर ट्रैफिक का दबाव कम हो जाएगा, बल्कि ताल क्षेत्र का सौंदर्यीकरण और पर्यटन संभावनाएं भी बढ़ जाएंगी। करीब चार किलोमीटर लंबी और दो लेन चौड़ी यह सड़क 12 मीटर चौड़ी बनाई जा रही है।
ताल रिंग रोड को टू लेन में बनाया जा रहा है। सड़क 12 मीटर चौड़ी होगी और दोनों तरफ फुटपाथ बनाए जा रहे हैं, जिससे पैदल यात्रियों को भी सुरक्षित रास्ता मिलेगा। ताल की ओर पाइलिंग के ऊपर कंक्रीट और स्टील बीम डालकर सड़क तैयार की जा रही है। किनारों पर स्टील रेलिंग लगाई जा रही है, जो सुरक्षा के साथ-साथ आकर्षक लुक भी देगी। सड़क किनारे लाइट के लिए पहले से खंभे बनाए जा रहे हैं। झारखंडी मंदिर से सहारा एस्टेट तक रेलिंग लगाने का काम लगभग पूरा हो चुका है। वहीं मोहद्दीपुर पुलिया से झारखंडी मंदिर तक कंक्रीट पीचिंग का कार्य पूर्ण है साथ ही पाथवे निर्माण जारी है। ताल के सामने नया सवेरा पर जेटी बोट का निर्माण भी किया जाएगा।
रिंग रोड के किनारे रहने वाले नागेंद्र सिंह ने कहा कि इस सड़क के बनने से ट्रैफिक जाम की समस्या काफी हद तक खत्म होगी। लोग आसानी से बिना जाम में फंसे इस रोड से जा सकेंगे। मोहद्दीपुर के रोहन ने बताया कि पहले सहारा स्टेट तक जाने में घूमकर जाना पड़ता है, अब इस सड़क के बन जाने से दूरी कम हो जाएगी। शाम के समय टहलने और मॉर्निंग वॉक के लिए बेहतर रहेगा। कुनराघाट के रहने वाले आर्यन और महादेव झारखंडी के सोनल ने बताया कि शहर में जाने के लिए अब आसान हो जाएगा। पहले जाने में जाम में फंसने का डर बना रहता था, अब ऐसा नहीं होगा।
इस संबंध में जीडीए के उपाध्यक्ष आनंद वर्द्धन ने बताया कि ताल रिंग रोड का निर्माण कार्य तेजी से कराया जा रहा है, 70 प्रतिशत कार्य पूरा कर लिया गया है। शेष कार्य मई तक पूरा करा लिया जाएगा।