कोरोना वायरस की जांच के लिए गुरुवार को जिले में तीन ट्रू नेट मशीनें मिली हैं। इनमें एक जिला अस्पताल और दो बीआरडी मेडिकल कॉलेज को दी गई हैं। इन मशीनों से इमरजेंसी में मरीजों की कोरोना जांच होगी। इससे मरीजों को ज्यादा देर तक परेशान नहीं होना पड़ेगा।
किसी गंभीर ऑपरेशन से पहले और संदिग्ध की मौत हो जाने पर उसके नमूनों की जांच ट्रूनेट मशीन से होती है। इस काम में महज से डेढ़ से दो घंटे लगते हैं। मशीन स्क्रीन पॉजिटिव और निगेटिव की रिपोर्ट जल्दी दे देता है। स्क्रीन पॉजिटिव आने पर उसकी जांच आरटी-पीसीआर मशीन से होती है।
ट्रू नेट मशीन एक बार में केवल दो नमूनों की जांच कर सकता है। सीएमओ डॉ श्रीकांत तिवारी ने बताया कि जिला अस्पताल में एक मशीन मिल गई है। कर्मचारियों को ट्रेनिंग देने के बाद शुक्रवार से जांच शुरू कर दी जाएगी।
बीआरडी मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ गणेश कुमार ने बताया कि कॉलेज में पहले से तीन मशीनें थी। दो मशीनें और मिल जाने से एक बार में 10 नमूनों की जांच हो सकेगी। इससे मरीजों को परेशान नहीं होना पड़ेगा। साथ ही जल्द रिपोर्ट भी आ जाएगी।