गोरखपुर। तहसील खजनी में न्यायिक और प्रशासनिक कार्यप्रणाली को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। बृहस्पतिवार को खजनी बार एसोसिएशन के अध्यक्ष सत्य प्रकाश श्रीवास्तव के नेतृत्व में अधिवक्ताओं के एक प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी दीपक मीणा से मुलाकात कर तहसीलदार धुवेश कुमार सिंह के कार्यकाल से जुड़े आरोपों की जांच की मांग की।
प्रतिनिधिमंडल ने डीएम को सौंपे गए शिकायती पत्र में न्यायिक प्रक्रिया में अनियमितता, कर्मचारियों के साथ कथित अभद्र व्यवहार और न्यायालय संचालन से जुड़ी खामियों का उल्लेख किया। अधिवक्ताओं का आरोप है कि तहसील में लंबे समय से कार्य वातावरण तनावपूर्ण बना हुआ है और कई मामलों में निर्धारित प्रक्रियाओं का पालन नहीं किया जा रहा। आरोपों में यह भी कहा गया है कि पूर्व तैनाती के दौरान तहसीलदार के एक कथित ऑडियो वायरल होने के बाद उनका स्थानांतरण किया गया था लेकिन वर्तमान तैनाती के बाद भी विवाद लगातार बने हुए हैं।
इसके अलावा फर्जी नक्शा प्रकरण और प्रशासनिक स्तर पर उत्पन्न विवादों का भी उल्लेख किया गया। बार एसोसिएशन ने यह भी आरोप लगाया कि कई न्यायिक कार्य अस्थायी व्यवस्थाओं के सहारे संचालित हो रहे हैं।