गोरखपुर। गगहा क्षेत्र में एटीएम कार्ड बदलकर युवती के खाते से रुपये निकालने वाले गैंगस्टर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने आठ मार्च को एटीएम बूथ पर रुपये निकालने गई युवती को बातों में फंसाकर उसका कार्ड बदल लिया था और खाते से 16,100 रुपये निकाल लिए थे।
पुलिस ने मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की थी, जिसके बाद आरोपी को पकड़ लिया गया। आरोपी की पहचान खोराबार के जंगलराम लखना महुआरी टोला निवासी धर्मेंद्र यादव उर्फ कोयल के रूप में हुई है। आरोपी पहले भी कई वारदातों में शामिल रहा है।
थाना प्रभारी अंजुल चतुर्वेदी के अनुसार, गगहा थाना क्षेत्र के गजपुर काली टोला निवासी चंद्रभान यादव की बेटी काजल यादव 8 मार्च 2026 को गजपुर बाजार स्थित एटीएम बूथ पर रुपये निकालने गई थी। उसी दौरान वहां मौजूद दो युवकों ने मदद के बहाने उसे बातचीत में उलझा लिया और उसका एटीएम कार्ड बदल दिया था। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने युवती का एटीएम कार्ड बदलने के बाद उसके खाते से 16,100 रुपये निकाल लिए।
कुछ समय बाद काजल यादव को जब अपने खाते से रुपये निकलने की जानकारी हुई तो उसने गगहा थाने में शिकायत दर्ज कराई। तहरीर के आधार पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की और सीसीटीवी फुटेज व अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया। दोपहर बाद आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
कई जिलों में दर्ज हैं आपराधिक मामले
पुलिस के मुताबिक धर्मेंद्र यादव उर्फ कोयल का लंबा आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ गोरखपुर, कुशीनगर और महराजगंज जनपदों में कुल 12 आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें लूट, चोरी, धोखाधड़ी, हत्या की कोशिश, गैंगस्टर एक्ट और आईटी एक्ट जैसी गंभीर धाराएं शामिल हैं। उसके खिलाफ थाना खजनी, खोराबार, पटहेरवा, खड्डा, कोतवाली पडरौना और भिटौली सहित विभिन्न थानों में केस दर्ज हैं। इनमें लूट, चोरी, धोखाधड़ी, हत्या की कोशिश, गैंगस्टर एक्ट और आयुध अधिनियम जैसी धाराएं भी शामिल हैं।