गोरखपुर। एम्स थाना क्षेत्र के रजही मौर्या टोला में रिटायर्ड लेखपाल के घर डकैती में महराजगंज का भी एक आरोपी शामिल था। उसकी तलाश में पुलिस की टीमें महराजगंज में डेरा डाले हुए हैं। पुलिस का दावा है कि जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
पुलिस के अनुसार, आरोपी का भी पुराना आपराधिक रिकॉर्ड है। इसकी कॉल डिटेल और लोकेशन ट्रेस की जा रही है। वारदात के बाद से ही यह घर से भागा हुआ है।
पांच जनवरी को रजही मौर्या टोला में रिटायर्ड लेखपाल बालेंद्र सिंह के घर डकैती हुई थी। शाम सात बजे चार बदमाश बाइक से उनके घर पहुंचे और पूरे परिवार को बंधक बना लिया। इनके हाथ में पिस्टल थी, विरोध पर बालेंद्र सिंह के सिर पर पिस्टल के बट से वार कर दिया था। इसके बाद घर से करीब 80 लाख रुपये के जेवर और चार लाख रुपये नकद लूट कर भाग गए थे। दो बदमाश बाहर से गतिविधियों को देख रहे थे। पुलिस ने पहले लूट की धारा में प्राथमिकी दर्ज की थी, बाद में इसे डकैती में परिवर्तित कर दिया गया। पुलिस ने पहले मुठभेड़ में एम्स थाना क्षेत्र के रामगढ़ उर्फ रजही टोला निवासी देवेंद्र निषाद उर्फ दयानंद उर्फ दयान उर्फ डायना और चिलुआताल थाना क्षेत्र के विस्तारनगर निवासी रामरक्षा उर्फ तेजू यादव को गिरफ्तार कर जेल भिजवाया था। इसके बाद मऊ जिले के मधुबन थाना क्षेत्र निवासी हृदयपट्टी निवासी राजकुमार सिंह उर्फ टिंकू, शाहपुर थाना क्षेत्र के पुरानी असुरन चुंगी खरैया पोखरा निवासी धनंजय चौहान और राकेश चौहान को गिरफ्तार किया। राजकुमार उर्फ टिंकू वर्तमान में देवरिया जिले के गौरी बाजार थाना क्षेत्र के सिरजम में रहता था। डायना और टिंकू ही वारदात के मास्टरमाइंड बताए जा रहे हैं।
सीओ कैंट योगेंद्र सिंह ने बताया कि मामले में पांच आरोपियों को जेल भिजवाया जा चुका है। एक की तलाश में दबिश दी जा रही है।