कोरोना संकट के काल में टेक्सटाइल से संबंधित प्रोसेसिंग यूनिटें बंद हैं। इसकी वजह से इस उद्योग से जुड़े पांच हजार से ज्यादा कर्मियों के सामने रोजी रोटी का संकट आ गया है। चेंबर ऑफ इंडस्ट्रीज के पदाधिकारी इन उद्योगों को शुरू करने के लिए लगातार प्रयास कर रहे हैं, लेकिन अब तक मायूसी ही हाथ लगी है।
गोरखपुर जिले में तीन बड़ी प्रोसेसिंग यूनिट के अलावा पावरलूम से जुड़े करीब पांच हजार बुनकर हैं। 20 से ज्यादा रेडीमेड गारमेंट तैयार करने वाली यूनिटें भी हैं। इनसे भी करीब 200 लोग जुड़े हैं। इसके अलावा कपड़े का बाजार बंद होने से करीब छह हजार अन्य लोगों का रोजगार भी प्रभावित हुआ है।
चेंबर ऑफ इंडस्ट्रीज के पूर्व अध्यक्ष एसके अग्रवाल ने कहा कि प्रोसेसिंग यूनिट और पावरलूम संबंधी समस्या को प्रशासन और शासन को अवगत कराया गया है। यह दिक्कत केवल गोरखपुर में ही है। बाराबंकी, कानपुर समेत अन्य कई शहरों में इन उद्योगों और बाजारों को शुरू कर दिया गया है।