पसंदीदा उम्मीदवार को वोट देते समय सावधानी बरतनी होगी। असावधानी हुई तो मत अवैध हो जाएगा। पीठासीन अधिकारी से मिले स्केच पेन से उम्मीदवार के नाम के सामने वरीयता के हिसाब से अंग्रेजी, रोमन या हिंदी में 1, 2 या 3 लिखना होगा। पहली पसंद के उम्मीदवार के सामने 1, दूसरी पसंद के 2 और तीसरी पसंद वाले प्रत्याशी के सामने 3 लिखा जाएगा। उम्मीदवार के नाम के आगे तय कॉलम में ही अंक लिखने हैं। यदि पीठासीन अधिकारी के अलावा अपनी या किसी और पेन से अंक लिखा तो वोट अवैध माना जाएगा।
प्रत्याशी
ध्रुव कुमार त्रिपाठी, अजय सिंह, विभ्राट चंद कौशिक, अवधेश यादव सपा, नागेंद्र दत्त त्रिपाठी कांग्रेस, देशबंधु शुक्ला, रामजनम सिंह, रामप्रताप राम, रमेश कुमार विमल, अनिल कुमार गौतम, लाल बहादुर यादव, राजीव यादव, अरुण सिंह, नागेंद्र प्रताप सिंह, अनिल कुमार श्रीवास्तव व नरेंद्र सिंह।
इन जिलों के मतदाता करेंगे भाग्य का फैसला
जिले मतदाता
गोरखपुर 6170
देवरिया 3358
कुशीनगर 2112
महराजगंज 1869
बस्ती 1998
संतकबीरनगर 1502
सिद्धार्थनगर 1375
आजमगढ़ 5184
मऊ 1886
अयोध्या 2962
सुल्तानपुर 3015
अमेठी 1542
अंबेडकरनगर 1823
बहराइच 1892
गोंडा 1524
श्रावस्ती 821
बलरामपुर 1131
चुनाव से पहले प्रत्याशियों का सारा जोर घर-घर चुनाव प्रचार पर रहा है। प्रत्याशी व समर्थक शिक्षक मतदाताओं के घर पहुंचे और समर्थन मांगा। मतदान केंद्रों पर जाकर व्यवस्था भी देखी। साथ ही मतदान एजेंटों की सूची तैयार कराई। मंगलवार को एजेंट अलग-अलग मतदान केंद्रों के बाहर मोर्चा संभालेंगे। सब मतदाताओं का नाम देखकर बताएंगे। मतदाता पर्ची भी देंगे।
गोरखपुर, फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के मंडलायुक्त एवं रिटर्निंग आफिसर जयंत नार्लिकर ने कहा कि मतदान शांतिपूर्ण व निष्पक्ष तरीके से कराया जाएगा। 16 मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं। एसडीएम को जोनल मजिस्ट्रेट बनाया गया है। पोलिंग पार्टियां मतदान केंद्रों पर पहुंच चुकी हैं। हर पोलिंग पार्टी में पीठासीन अधिकारी समेत पांच सदस्य हैं। 17 जिलों में 198 मतदान केंद्र बने हैं। मतदान के बाद ही मतपेटिका गोरखपुर लाई जाएगी। तीन दिसंबर को गोरखपुर विश्वविद्यालय के वाणिज्य संकाय में मतगणना होगी।
तीन जोन व पांच सेक्टर में बांटकर मतदान केंद्रों की सुरक्षा
गोरखपुर में मतदान को लेकर पुलिस तैयारी भी पूरी है। मतदान केंद्रों को तीन जोन व पांच सेक्टर में बांटा गया है। तीन एडिशनल एसपी, पांच सीओ, 12 एसएचओ व एसओ, 195 सिपाहियों की ड्यूटी लगाई गई है। मतदान प्रक्रिया की ड्रोन से निगरानी की जाएगी।
शिक्षक एमएलसी चुनाव के लिए गोरखपुर में 16 केंद्र बनाए गए हैं। एसपी साउथ व नोडल प्रभारी विपुल कुमार श्रीवास्तव के मुताबिक प्रत्येक जोन की कमान एडिशनल एसपी संभालेंगे। सेक्टर की कमान सीओ के पास रहेगी। हर मतदान केंद्र पर करीब दो सब इंस्पेक्टर, दो हेड कांस्टेबल, चार कांस्टेबल व चार महिला कांस्टेबल की ड्यूटी लगाई गई है।
चुनाव प्रक्रिया की पल-पल की अपडेट ली जाएगी। इसके लिए पुलिस लाइंस में कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। 100 पुलिसकर्मियों को रिजर्व में रखा गया है, जो आपात स्थित में ड्यूटी करेंगे। पुलिस अफसर लगातार अपने-अपने क्षेत्रों का निरीक्षण करेंगे।