कोतवाली ठूठीबारी क्षेत्र के राधा कुमारी इंटर कालेज में बीते 11 फरवरी को एक शिक्षक ने चित्रकला की परीक्षा दे रहे छात्र को मारपीट कर घायल कर दिया। परिजन घायल छात्र जिला अस्पताल ले गए। जहां पर चिकित्सकों की जांच में पता चला कि छात्र का हाथ टूट चुका है। इस मामले में पीड़ित छात्र ने कोतवाली ठूठीबारी पुलिस को तहरीर देकर शिक्षक के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की।
ठूठीबारी निवासी हिमांशु जायसवाल ने बताया है कि वह राधा कुमारी इंटर कालेज में कक्षा ग्यारह का छात्र है। वह बीते 11 फरवरी को विद्यालय में चित्रकला विषय का परीक्षा देने गया था। जहां पर परीक्षा के अंतिम समय पर उसके पास विद्यालय के एक शिक्षक आए, और चित्रकला के पेपर को जमा करने के लिए मांग करने लगे। उसके बाद चित्रकला को पूर्ण करने के लिए शिक्षक से कुछ समय की गुहार लगाने लगा।
जिससे नाराज शिक्षक ने दुर्व्यवहार करते हुए मारपीट कर घायल कर दिया। इस संबंध में कोतवाली ठूठीबारी के उपनिरीक्षक संजय कुमार का कहना है कि मामले की जानकारी मिली है। दोनों पक्षों से तहरीर मिली है। मामले में बात चीत के लिए दोनों पक्षों को थाने बुलाया गया है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।
प्रधानाचार्य रविकांत जाटव ने बताया कि छात्र ने अनुशासनहीनता की। उसका आरोप बेबुनियाद है। दोनों पक्षों से स्कूल में बातचीत कर मामले का निस्तारण जल्दी कर दिया जाएगा।