अब गोरखपुर से लखीमपुर तक जाने वाली गोरखपुर-लखीमपुर एक्सप्रेस (15009) 14 फरवरी से मैलानी तक जाएगी। लखनऊ के लखीमपुर-मैलानी खंड का आमान परिवर्तन कार्य पूरा होने के बाद ट्रेन का मार्ग विस्तार कर दिया गया है। इस रूट का शुभारंभ 14 फरवरी को 55091 मैलानी-सीतापुर स्पेशल पैसेंजर ट्रेन मैलानी से अपराह्न तीन बजे चलाकर किया जाएगा।
एनईआर के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी पंकज कुमार सिंह ने बताया कि 14 फरवरी को लखीमपुर-मैलानी रेलमार्ग पर ट्रेनों का आवागमन शुरू हो जाएगा। 15 फरवरी से लखनऊ-सीतापुर-लखीमपुर-मैलानी के बीच चलने वाली पैसेंजर ट्रेनों को चलाया जाएगा। उन्होंने बताया कि 14 फरवरी से 15009 गोरखपुर-मैलानी एक्सप्रेस गोरखपुर से रात 10 बजे रवाना होगी।
लखीमपुर होकर दूसरे दिन दोपहर एक बजे मैलानी पहुंचेगी। 15 फरवरी से 15010 मैलानी-गोरखपुर एक्सप्रेस मैलानी से शाम 4.50 बजे रवाना होगी और लखीमपुर, लखनऊ के रास्ते दूसरे दिन सुबह 7.20 बजे गोरखपुर पहुंचेगी। वहीं दुधवा नेशनल पार्क स्थित मैलानी-नानापार के बीच छोटी लाइन पर ट्रेनों का संचालन 16 फरवरी से बंद हो जाएगा।