कोरोना जांच के नाम पर 100 बेड टीबी अस्पताल में लापरवाही बरती जा रही है। इसे लेकर जांच कराने गए लोगों ने मंगलवार को विरोध जताया। लोगों का कहना था कि जांच के लिए सुबह बुला तो लिया गया, लेकिन जांच दोपहर बाद शुरू हुई। इतना ही नहीं अव्यवस्था के बीच जांच हुई। वहीं, दूसरी ओर जिम्मेदारों ने यह तर्क दिया कि एलटी जाम में फंस गया था। इस वजह से देरी हुई है।
जानकारी के मुताबिक फल मंडी के पीछे रहने वाले एक परिवार की बुजुर्ग महिला दो दिन पूर्व कोरोना पॉजिटिव आई थी। रविवार की देर रात महिला की मौत हो गई थी। सोमवार को दाह संस्कार के बाद देर रात घर के एक सदस्य के पास जांच के लिए फोन गया। बताया गया कि 100 बेड टीबी अस्पताल में मंगलवार को जांच होगी।
इस पर घर के 12 सदस्य मंगलवार की सुबह 100 बेड टीबी अस्पताल में पहुंच गए। वहां पहुंचने पर काफी देर तक जांच नहीं शुरू हुई। धीरे-धीरे भीड़ बढ़ती गई और करीब 12 बजे तक जांच नहीं हो सकी। इस पर लोगों ने हो-हल्ला शुरू कर दिया।