गोरखपुर में कोरोना मरीजों के इलाज के लिए, टीबी अस्पताल स्थित 100 बेड का कोविड अस्पताल और एम्स में 400 बेड पूरी तरह से तैयार हैं। सोमवार को डीएम विजय किरन आनंद ने दोनों अस्पतालों का निरीक्षण कर तैयारियां जांची। डीएम तैयारियों से संतुष्ट भी दिखे। प्लांट से पाइप लाइन के माध्यम से सभी बेड पर ऑक्सीजन की आपूर्ति भी शुरू हो चुकी है।
डीएम दोपहर दो बजे नंदानगर स्थित टीबी अस्पताल पहुंचे और कोविड वार्ड का निरीक्षण किया। उन्होंने, एक-एक बेड के पास जाकर, ऑक्सीजन की आपूर्ति को भी परखा। इस दौरान सभी बेड तक ऑक्सीजन की आपूर्ति सही पाई गई। इस अस्पताल में 30 बेड इंटेंसिव केयर यूनिट (आईसीयू) एवं 20 बेड पीडियाट्रिक इंटेंसिव केयर यूनिट यानी पीकू (पीआईसीयू) के हैं।
डीएम ने ऑक्सीजन प्लांट का भी निरीक्षण किया। इस दौरान डीएम ने बताया कि जिले में 99 प्रतिशत से अधिक लोग होम आइसोलेशन में ठीक हो रहे हैं। जिन्हें, अस्पताल में भर्ती कराने की जरूरत पड़ रही है, उन्हें बीआरडी मेडिकल कालेज में भर्ती कराया जा रहा है।
इसके बाद डीएम, अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) पहुंचे। उन्होंने कोविड व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। एम्स में कोरोना के मरीजों के इलाज के लिए करीब 400 बेड तैयार किए गए हैं। डीएम ने दोनों ही जगहों की व्यवस्था पर संतुष्टि जताई है।
डीएम विजय किरन आनंद ने कहा कि जनता से अपील है कि कोरोना के संबंध में घबराए नहीं, लेकिन सतर्कता जरूर बरतें। दो गज की दूरी बनाए रहें और बाहर निकलें तो मास्क जरूर लगाएं। बिना आवश्यकता के घर से बाहर निकलने से बचें।