रेलवे प्रशासन कैंट स्टेशन के पश्चिम की तरफ रामगढ़ताल के किनारे से भी रास्ते के लिए संभावनाएं तलाश रहा है। स्टेशन से पश्चिम की तरफ भी सेना की कुछ भूमि है। इसपर बना रास्ता रामगढ़ताल के किनारे होते हुए गोरखपुर-देवरिया मुख्यमार्ग पर पुलिया के पास तक पहुंचा देता है। यह भूमि भी मिल जाती है तो लोगों की राह आसान हो जाएगी। वे कैंट स्टेशन से निकलकर सीधे मोहद्दीपुर पहुंच जाएंगे। इसके लिए रेल प्रशासन राज्य सरकार से बात कर रहा है।
क्राॅसिंग पर पुल के लिए भी करना पड़ रहा इंतजार
प्रशासन ने स्टेशन के पूर्वी छोर पर स्थित रेलवे क्राॅसिंग पर ओवरब्रिज के लिए प्रस्ताव तैयार कर लिया है। पुल क्राॅसिंग के ऊपर से स्टेशन की तरफ खुलेगा। यात्री ही नहीं क्राॅसिंग से होकर आने-जाने वाले हजारों लोगों इससे सहूलियत होगी।
अभी 100 मीटर की दूरी तय होती है एक घंटे में
कैंट रेलवे स्टेशन के पास क्राॅसिंग को पार करना लोगों के लिए बड़ी चुनौती है। इस रूट पर करीब 147 ट्रेनों और मालगाड़ी का आवागमन है। स्टेशन पर उतरने वाले यात्रियों को घंटों जाम में जूझना पड़ता है। स्टेशन से एम्स के सामने वाली मेन सड़क तक पहुंचने में कभी-कभी एक घंटे का समय लग जाता है।
आधे से एक घंटे तक बंद रहता है रेल क्रॉसिंग
शनिवार की सुबह 10:10 बजे मालगाड़ी के आने पर रेलवे फाटक बंद हो गया। मालगाड़ी के जाने के बाद एक ट्रेन गुजरी। इससे करीब आधे घंटे के बाद ही फाटक खुल सका। तब तक वाहनों की लंबी कतार लग गई। एम्स में इलाज कराने भतीजे के साथ जा रहे योगेंद्र चौहान जाम में फंस गए। उन्हें डर था कि कहीं ओपीडी बंद न हो जाए। इसी तरह शाम पौने चार बजे बिहार संपर्क क्रांति और उसके बाद दो मालगाड़ी गुजरी। पौने एक घंटे बाद गेट खुला तो लोग किसी तरह जाम में से निकले।
सीपीआरओ-एनईआर पंकज कुमार सिंह ने कहा कि गोरखपुर कैंट स्टेशन को सैटेलाइट स्टेशन के तौर विकसत किया गया है। शहर की ओर द्वितीय प्रवेश द्वार के निर्माण के लिए आवश्यक भूमि हस्तान्तरण की प्रक्रिया आगे बढ़ गई है। प्रवेश द्वार बन जाने से शहरवासियों के साथ एम्स आने वाले यात्रियों को भी सुविधा होगी।