कोरोना महामारी के कारण कक्षाओं में पढ़ाई बंद होने के बावजूद गोरखपुर शहर के कुछ छात्र-छात्राएं सोशल मीडिया पर ग्रुप बनाकर पढ़ाई कर रहे हैं। स्नातक प्रथम वर्ष के यह विद्यार्थी परीक्षा की तैयारी के साथ ही प्रतियोगिता परीक्षाओं की भी तैयारी कर रहे हैं।
शांभवी, शिवांगी, अनम, प्रियंका, बुशरा और अंकित दीनदयाल उपाध्याय विश्वविद्यालय गोरखपुर के बीकॉम प्रथम वर्ष के विद्यार्थी हैं। शांभवी ने बताया कि एडमिशन तो हो गया लेकिन लॉकडाउन के कारण कक्षाएं शुरू नहीं हुईं। कोर्स पूरा कराने के लिए विवि प्रशासन की ओर से ऑनलाइन कक्षाएं चलाई गईं। वर्तमान में ऑनलाइन और ऑफलाइन कक्षाएं बंद हैं। ऐसे में पाठ्यक्रम पर पकड़ बनाने के लिए पांच दोस्तों ने वाट्सएप ग्रुप बनाया है।
ग्रुप की सदस्य अनम बताती हैं कि रोजाना सभी सदस्य वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग एप के जरिए एक घंटे की क्लास लगाते हैं। इस क्लास मे अभी तक बिजनेस कम्युनिकेशन, प्रिंसिपल्स ऑफ मैनेजमेंट, माइक्रो इकोनॉमिक्स, अकाउंट्स, स्टैट्स विषयों की पढ़ाई की जा चुकी है।
प्रियंका बताती हैं कि ग्रुप पर एक दिन पहले निर्धारित कर लिया जाता है कि अगले दिन किस टॉपिक पर चर्चा की जानी है। हर एक साथी को उस टॉपिक पर लेक्चर तैयार करना होता है। ग्रुप के अनम और अंकित तकनीकी में माहिर हैं। यह दोनों संबंधित टॉपिक की ऑडियो विजुअल स्टडी मेटेरियल बनाती हैं जो ग्रुप में शेयर कर दिया जाता है।
ग्रुप पर रोजाना एक टॉपिक पर बाकायदा लेक्चर, वाद-विवाद, प्रॉब्लम साल्विंग और पिछले वर्षों में आए प्रश्नों के आधार पर उत्तर तैयार किए जाते हैं। इन विद्यार्थियों का लक्ष्य बीकॉम पूर्ण होने के बाद कैट, मैट, सीए, सीएस आदि बनना है। इसलिए सभी पाठ्यक्रम के साथ ही प्रतियोगिता परीक्षा की भी तैयारी कर रहे हैं।