फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

पैरामेडिकल कॉलेज विवाद: मामले में आया नया मोड़, छात्र ने लिया दवा का ओवरडोज, अस्पताल में भर्ती

Mon, 14 Mar 2022 11:18 AM IST
प्रशांत कुमार अमर उजाला ब्यूरो, गोरखपुर।

सार

राज नर्सिंग एंड पैरामेडिकल कॉलेज से जुड़े विवाद में पुलिस की मौजूदगी में एक छात्र ने दवा का ओवरडोज ले लिया। हालत बिगड़ने पर पुलिसकर्मियों ने जिला अस्पताल भेज दिया।
विज्ञापन
अस्पताल में भर्ती छात्र - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

गोरखपुर में धरना-प्रदर्शन के दौरान हिरासत में लिए गए राज नर्सिंग एंड पैरामेडिकल कॉलेज के एक छात्र ने शनिवार देर रात पुलिस लाइंस में दवा का ओवरडोज ले लिया। इससे उसकी हालत बिगड़ गई। आननफानन में उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों के मुताबिक छात्र की हालत खतरे से बाहर है।

विज्ञापन


जानकारी के मुताबिक, बीएससी नर्सिंग प्रथम वर्ष के छात्र ने शनिवार देर रात पुलिसकर्मियों की मौजूदगी में दवाओं का ओवरडोज ले लिया। कुछ देर बाद उसे उल्टी होने लगी। इसकी वजह से वह बेहोश हो गया। यह देख पुलिस और उसके दोस्त डर गए। बताया जा रहा है कि छात्र कुशीनगर के रामकोला का रहने वाला है।

उसे अस्थमा की दिक्कत है। पुलिस के बल प्रयोग के दौरान उसका दम फूलने लगा था। इसकी जानकारी जब पुलिसकर्मियों को दी गई तो उसे फौरन डेरीफाइलिन का इंजेक्शन लगाने को कहा गया। लेकिन, पुलिसकर्मियों ने ऐसा नहीं किया। इस पर उसने जान बचाने के लिए सांस फूलने पर दी जाने वाली दवा की सात टैबलेट खा ली। इसकी वजह से उसकी हालत बिगड़ गई।
विज्ञापन


 

बता दें कि जंगल धूसड़ स्थित राज नर्सिंग एंड पैरामेडिकल कॉलेज का मामला पिछले दो माह से सुलझ नहीं रहा है। कॉलेज की लापरवाही से 1200 छात्रों का भविष्य संकट में पड़ा गया है। इसे लेकर पीड़ित छात्र कई बार आंदोलन भी कर चुके हैं। शनिवार को इसी मामले को लेकर सैकड़ों छात्र गोरखनाथ मंदिर में सीएम कैंप कार्यालय जा रहे थे। मंदिर के गेट के बाहर पुलिस ने छात्रों को रोक लिया था। करीब तीन घंटे तक पुलिस समझाती रही, लेकिन छात्र नहीं माने। अंत में प्रशासन ने छह छात्रों के खिलाफ धारा 144 के उल्लंघन, उत्पात मचाने सहित कई गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर किया। इनमें दवा खाने वाले छात्र का भी नाम शामिल है।

अस्पताल लेकर पहुंचे दोस्त
छात्र को बेहोश होता देख पुलिसकर्मी डर गए। उन्होंने छात्र के दोस्तों की मदद से उसे जिला अस्पताल भेजवाया। उसकी हालत देखकर डॉक्टरों ने फौरन भर्ती कर लिया। अब उसकी हालत खतरे से बाहर है। वहीं, अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के पदाधिकारियों ने अस्पताल जाकर छात्र से मुलाकात की। जिला अस्पताल के इमरजेंसी मेडिकल आफिसर डॉ. संतलाल ने बताया कि छात्र ने दवा का ओवरडोज ले लिया था। इलाज के बाद से उसकी हालत में सुधार है।

फर्जीवाड़े का आरोपी पुलिस की पकड़ से दूर
राज नर्सिंग एंड पैरामेडिकल कॉलेज के मामले में पुलिस और प्रशासन की लापरवाही सामने आ रही है, जिसकी वजह से मामला बिगड़ गया है। जनवरी में कॉलेज संचालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। लेकिन, अब तक उसकी गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। जबकि, पीड़ित छात्रों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया।
 
विज्ञापन

गिरफ्तार छह नर्सिंग छात्रों का शांतिभंग में चालान, भेजे गए जेल
गोरखनाथ मंदिर के गेट पर प्रदर्शन और जाम लगाने के मामले में पुलिस ने 12 नामजद और 150 अज्ञात छात्रों पर सड़क जाम और बलवा का केस दर्ज करते हुए आठ छात्रों को गिरफ्तार कर लिया। साथ ही दो छात्राओं को पुलिस ने निजी मुचलके पर छोड़ दिया। जबकि, छह के खिलाफ शांतिभंग की धारा में कार्रवाई करते हुए मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। गोरखनाथ इंस्पेक्टर ने बताया कि 12 नामजद और 150 अज्ञात पर केस दर्ज किया गया है। छह छात्रों को मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।

इन छात्रों को भेजा गया जेल
कुशीनगर के हाटा कोतवाली क्षेत्र के खागी निवासी संदीप गुप्ता, गुलरिहा के नौतन निवासी उदय यादव, महराजगंज जिले के पनियरा थाना क्षेत्र के मोहदीनपुर निवासी सूरज निषाद, बलिया जिले के बांसीडीह थाना क्षेत्र के डूही मूसी निवासी सूरज वर्मा, देवरिया जिले के सलेमपुर थाना क्षेत्र के हरैया निवासी कौशिक दूबे, सिद्धार्थनगर जिले के ढेबरुआ थाना क्षेत्र के ढेकहरी खुर्द निवासी विनोद चौरसिया को जेल भेजा गया है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें