गोरखपुर शहर के वार्ड नंबर 70 के नकहा नंबर एक में एक माह बाद भी बारिश का पानी भरा है। समय माता मंदिर के पास के इस मोहल्ले की कई गलियां नाला बनकर रह गईं हैं। लोग गंदे पानी के बीच से चलते हुए अपने घरों तक पहुंच रहे हैं। नगर निगम की तरफ से पानी निकालने के लिए कई पंप लगाए गए हैं, लेकिन पानी कम नहीं हो रहा है। मोहल्ले में नाली नहीं होने व मुख्य सड़क का नाला अधूरा होने के चलते पानी एक गली से निकलकर दूसरी में फैल जा रहा है।
नकहा ओवरब्रिज के दोनों तरफ बसे नकहा नंबर एक मोहल्ले के लोगों के लिए यह बरसात बेहद कष्टकर है। एक महीने से बारिश का पानी मोहल्ले की सड़कों पर भरा हुआ है। जिस दिन बारिश होती है, मोहल्ले में जुगाड़ वाली नाव चलने लगती हैं। एक सप्ताह से बारिश नहीं हुई, फिर भी पानी कम नहीं हो पा रहा है। ओवरब्रिज के बगल में स्थित कब्रिस्तान भी डूबा हुआ है। सबसे अधिक दिक्कत नौकरी पेशा लोगों को हो रही है। मोहल्ले के रहने वाले आरपी भट्ट और रविशंकर पांडेय बताते हैं कि नौकरी पर जाने के लिए जूता-चप्पल और कपड़ा हाथ में लेकर सड़क तक आते हैं फिर वहां कपड़ा बदलते हैं उसके बाद दफ्तर जाते हैं। वाहन परिचितों के घर रखे हुए हैं।
हर गली में लगा है पंप
इस मोहल्ले की करीब-करीब हर गली में पानी निकालने के लिए पंप लगा है। कुछ जगहों पर नगर निगम के अलावा लोगों ने खुद के खर्च से भी पंप लगवाया है। इसके अलावा कई जगह टैंकर लगाकर पानी निकाला जा रहा है। इसके बावजूद पानी कम नहीं हुआ है। मोहल्ले के सभासद राजेश यादव बताते हैं कि मोहल्ले में नालियों का अभाव और मुख्य नाले से दूरी ने दिक्कत बढ़ा दी है। पाइप से मुख्य नाले तक पानी पहुंचाने में दिक्कत आ रही है।