- नगर निगम : पर्याप्त धूप न मिलने से चार्ज नहीं हो पातीं सोलर लाइटों की बैट्रियां
अमर उजाला ब्यूरो
गोरखपुर। सर्दियों में कोहरा शहर की सोलर स्ट्रीट लाइटों के लिए लंबे समय से चुनौती बने हुए हैं। पर्याप्त धूप न मिलने के कारण सोलर स्ट्रीट लाइटों की बैट्रियां चार्ज नहीं हो पातीं हैं। इससे रात होते ही कई इलाकों में अंधेरा छा जाता है। इस समस्या को दूर करने के लिए नगर निगम ने आधुनिक तकनीक पर आधारित नई योजना को अमल में लाने का निर्णय लिया है। नगर निगम और एचयूआरएल के सहयोग से शहर में कुल 1427 हाइब्रिड सोलर स्ट्रीट लाइटें स्थापित की जाएंगी।
बताया जा रहा है कि इन लाइटों की विशेषता यह होगी कि ये सौर ऊर्जा के साथ-साथ ग्रिड बिजली से भी बैटरी चार्ज कर सकेंगी। यदि मौसम खराब रहने के कारण दिन में धूप न मिले, तब भी रात भर सड़कें रोशन रहेंगी। इससे नागरिकों को आवागमन में सुविधा मिलेगी और अंधेरे के कारण होने वाली दुर्घटनाओं पर भी प्रभावी नियंत्रण लगाया जा सकेगा।
नगर निगम के अनुसार, इस महत्वाकांक्षी परियोजना पर लगभग 21 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इसके साथ ही नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा विकास एजेंसी (नेडा) भी शहर को बेहतर रोशनी देने की दिशा में कदम उठा रही है। नेडा की ओर से 3.884 करोड़ रुपये की लागत से 1210 नई सोलर स्ट्रीट लाइटें लगाई जाएंगी। इसके अलावा, प्रमुख चौराहों और अधिक यातायात वाले क्षेत्रों में 110 हाई मास्ट लाइटें स्थापित की जाएंगी। अपर नगर आयुक्त अतुल कुमार ने बताया कि इन सभी परियोजनाओं के पूर्ण होने के बाद शहर की स्ट्रीट लाइट व्यवस्था अधिक मजबूत, भरोसेमंद और आधुनिक हो जाएगी।