बहन की शादी का हवाला देकर गिरफ्तारी देने से इन्कार करने वाले गैंगस्टर अभियुक्त राजेश निषाद ने सोमवार को खोराबार थाने में समर्पण कर दिया। आरोपी राजेश पर पुलिस को घर पर घेरने का भी केस दर्ज था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई पूरी कर गिरफ्तारी कर ली है।
खोराबार के सिक्टौर गांव निवासी राजेश निषाद पर आरोप है कि चार फरवरी 2023 की रात अपने सहयोगियों संग मिलकर गांव के राज निषाद पर जानलेवा हमला किया था। आरोप है कि अचेत होने पर राज की जेब में रखे 30 हजार रुपये व दो अंगूठी लूटकर फरार हो गया। राज की तहरीर पर जानलेवा हमला व लूट का मुकदमा दर्ज कर पुलिस आरोपित की तलाश कर रही थी।
12 फरवरी की रात में राजेश के घर पर मौजूद होने की सूचना पर पुलिसकर्मी पहुंचे तो गैंगस्टर के आरोपी ने परिजनों व सहयोगियों के साथ घेर लिया। हंगामा बढ़ने पर पुलिस को लौटना पड़ा। घटना का वीडियो वायरल होने पर एसएसपी के निर्देश खोराबार थाना पुलिस ने राजेश व उसके सहयोगियों पर सरकारी कार्य में बाधा डालने समेत गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया था। अब 18 फरवरी को आरोपी ने थाने पहुंचकर गिरफ्तारी दी है।