फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Gorakhpur News: सपा ने समाज में फैलाई अराजकता...हमने सुरक्षा का माहौल दिया तो हो रहा निवेश

विज्ञापन
विज्ञापन
- यूपी में निजी क्षेत्र में हुए निवेश से 60 लाख लोगों को मिला रोजगार
विज्ञापन

- गीडा के प्लास्टिक पार्क में आयोजित शिलान्यास व लोकार्पण समारोह में पूर्व की सपा सरकार को सीएम ने घेरा


गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सपा सरकार में बिजली यदा-कदा आती थी। ये उजाले के दुश्मन थे। उन्होंने समाज में अराजकता फैलाई। जातीय आधार पर सामाजिक तानाबाना छिन्न भिन्न किया। तुष्टिकरण को बढ़ावा देकर वैमनस्यता पैदा की। जब सत्ता में ऐसे लोग होते हैं तो विकास पीछे छूट जाता है। युवा पलायन को मजबूर होते हैं। लेकिन, जब सुरक्षा का माहौल बनता है तो निवेश आता है। निवेश से नौकरी और रोजगार के द्वार खुलते हैं।
सीएम योगी, बृहस्पतिवार को गीडा स्थित प्लास्टिक पार्क में उपस्थित जनसमूह को संबोधित कर रहे थे। सीएम ने कहा कि आज सरकार की स्पष्ट नीति, साफ नीयत और सुरक्षा के प्रति प्रतिबद्धता का परिणाम है कि देश और दुनिया का सबसे अच्छा निवेश यूपी में हो रहा है। निजी क्षेत्र में हुए निवेश से 60 लाख लोगों को रोजगार मिला है। सीएम ने कहा कि 2047 तक उत्तर प्रदेश को विकसित बनाने के लिए ही 13-14 अगस्त को विधानमंडल में लगातार 24-25 घंटे चर्चा हुई। इसके अगले क्रम में 300 से अधिक बुद्धिजीवी हर जिले में जाकर लोगों को जागरूक करेंगे।
विज्ञापन

-
पुलिस में भर्ती पाने वाले के परिवार को करें सम्मानित

मुख्यमंत्री ने कहा कि हाल में 60 हजार से अधिक पुलिसकर्मियों की भर्ती हुई है। इनमें गोरखपुर से भी काफी संख्या में युवा भर्ती हुए हैं। उन्होंने अपील की कि जिन गांवों के युवा पुलिस में भर्ती हुए हैं, ग्रामीणों को उनके परिवार को सम्मानित करना चाहिए। सीएम ने कहा कि अभी 2538 मुख्य सेविकाओं की भर्ती हुई है। पुलिस में सब इंस्पेक्टर की भर्ती निकल चुकी है। नई भर्ती के लिए भी विज्ञापन आने वाला है। इस तरह सरकारी नौकरियों की भी बाढ़ आई हुई है। हर तरफ रोजगार ही रोजगार है। सरकार का प्रयास है कि यूपी के नौजवानों को रोजगार के लिए कहीं दूसरी जगह हाथ फैलाने की नौबत न आए।



-
मीठा-मीठा गप और कड़वा थू नहीं चलेगा

सीएम योगी ने कहा कि ईवीएम से जब वे (विपक्ष) जीतते हैं, हम स्वीकार कर लेते हैं लेकिन जब भाजपा जीतती है तो वे ईवीएम और वोटर लिस्ट को दोषी ठहराने लगते हैं। मीठा-मीठा गप और कड़वा थू नहीं चलेगा। इंडी गठबंधन तुष्टिकरण की राजनीति पर चल रहा है। उन्होंने कहा कि जाति, क्षेत्र, भाषा के नाम पर समाज को बांटने वाले विकसित भारत के बैरियर हैं और इन्हें उखाड़ फेंकना है। मुख्यमंत्री ने विपक्ष के नेताओं पर हमला जारी रखते हुए कहा कि विभाजन ही गुलामी का कारण होता है। कुछ लोग जातीय विभाजन से देश को फिर से गुलामी की तरफ धकेलने का कार्य कर रहे हैं।


-
15000 से अधिक लोगों को नौकरी देने जा रहा गीडा
सीएम योगी ने गीडा की वर्तमान और आगामी निवेश परियोजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि इन निवेश परियोजनाओं से गीडा 15000 से अधिक लोगों को रोजगार देने जा रहा है। युवाओं को अपने घर के पास ही रोजगार मिल जाएगा। उन्होंने बताया कि जिन औद्योगिक भूखंडों का आवंटन हुआ है उससे 5903 करोड़ रुपये का निवेश आएगा और दस हजार लोगों को नौकरी मिलेगी।



-

सीएम ने दिलाई यूपी को मॉडल स्टेट की पहचान : नंदी

प्रदेश के औद्योगिक विकास मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी ने अपने अद्वितीय नेतृत्व से यूपी को मॉडल स्टेट की पहचान दिलाई है। सीएम योगी के दूरदर्शी नेतृत्व में उत्तर प्रदेश की औद्योगिक प्रगति का रथ निरंतर तेजी से आगे बढ़ रहा है। आज प्रदेश विकास के नए कीर्तिमान गढ़ रहा है। अब विकास सिर्फ सैफई तक नहीं बल्कि प्रदेश के हर जिले में हो रहा है।



-
विपक्ष की घिनौनी राजनीति से सचेत रहे जनता: रविकिशन
सांसद रविकिशन शुक्ल ने कहा कि मोदी-योगी की लोकप्रियता से घबराकर विपक्ष राजनीति के निम्न स्तर पर उतर आया है। जनता को विपक्ष की घिनौनी राजनीति से सचेत रहने की आवश्यकता है। उन्होंने गोरखपुर और गीडा के विकास का उल्लेख करते हुए कहा कि सपा सरकार जहां कब्रिस्तान बनाना चाहती थी वहां उद्योग लगवाकर सीएम योगी रोजगार दिला रहे हैं।


इस अवसर पर मेयर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव, विधायक विपीन सिंह, प्रदीप शुक्ल, विधायक राजेश त्रिपाठी, महेंद्रपाल सिंह, सरवन निषाद, एमएलसी डॉ. धर्मेंद्र सिंह, राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष चारू चौधरी आदि मौजूद रहे।
-

कोका कोला के प्लांट का भूमि पूजन किया सीएम योगी ने
गीडा में निवेश और विकास परियोजनाओं की सौगात देने के क्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सबसे पहले सेक्टर 27 में मल्टीनेशनल कंपनी कोका कोला के अमृत बॉटलर्स की बॉटलिंग प्लांट की स्थापना के लिए भूमि पूजन किया। 40 एकड़ क्षेत्रफल में बॉटलिंग प्लांट की इस परियोजना में 700 करोड़ रुपये के निवेश से करीब 1200 लोगों को रोजगार मिल सकेगा।
-
640 करोड़ रुपये की निवेश वाली तीन यूनिट्स का सीएम ने किया शिलान्यास

सीएम योगी ने सेक्टर 27 में कोका कोला प्लांट के भूमि पूजन के अलावा 640 करोड़ रुपये की निवेश वाली तीन यूनिट्स का शिलान्यास भी किया। इनमें एपीएल अपोलो ट्यूब्स लिमिटेड, ग्रीनटेक भारत प्राइवेट लिमिटेड (एसएलएमजी ग्रुप) और कपिला कृषि उद्योग शामिल हैं। इन तीनों यूनिट्स के बन जाने पर करीब 1200 लोगों को रोजगार मिल सकेगा।

-

प्लास्टिक पार्क में टेक्नोप्लास्ट सहित तीन यूनिट्स का मुख्यमंत्री ने किया लोकार्पण

मुख्यमंत्री ने प्रदेश के पहले प्लास्टिक पार्क में 120 करोड़ रुपये के निवेश से टेक्नोप्लास्ट सहित तीन यूनिट्स का लोकार्पण किया। लोकार्पित यूनिट्स में से टेक्नोप्लास्ट पैकेंजिंग प्राइवेट लिमिटेड ने 96 करोड़ रुपये के निवेश से 250 लोगों को रोजगार दिया है। लोकार्पित अन्य दो कंपनियों, ओमफ्लैक्स इंडस्ट्रीज प्राइवेट लिमिटेड ने 17 करोड़ रुपये और गजानन पाली प्लास्ट में 7 करोड़ रुपये का निवेश किया है।
-
प्लास्टिक पार्क में सीपेट के सेंटर और सीएफसी का शिलान्यास

गीडा के प्लास्टिक पार्क में केंद्रीय पेट्रोकेमिकल्स इंजीनियरिंग एवं तकनीक संस्थान (सीपेट) के स्किल ट्रेनिंग सेंटर और सीएफसी (कामन फैसिलिटी सेंटर) की स्थापना होगी। इसका शिलान्यास भी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किया। इसे लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि अब यहीं डिग्री और डिप्लोमा लेकर, ट्रेनिंग प्राप्त कर युवा नौकरी प्राप्त कर सकेंगे। इसके अलावा गीडा द्वारा विभिन्न सेक्टर्स 281 करोड़ रुपये की अवस्थापना विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास भी मुख्यमंत्री ने किया। इसमें गीडा क्षेत्र में मूलभूत अवस्थापना सुविधाओं जैसे सड़क, नाली, पुलिया, स्ट्रीट लाइट एवं विद्युत तंत्र के निर्माण से संबंधित परियोजनाएं शामिल हैं।
-


आमी और राप्ती नहीं हो हाेंगी प्रदूषित
मुख्यमंत्री योगी ने गीडा की औद्योगिक इकाइयों के अपशिष्ट उपचार के लिए कामन एफ्लूएंट ट्रीटमेंट प्लांट (सीईटीपी) का भी शिलान्यास किया। कहा कि मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि गीडा में पर्यावरण को ध्यान में रखकर निवेश किया जा रहा है। अब आमी और राप्ती नदी प्रदूषित नहीं होगी। गीडा से निकलने वाला औद्योगिक कचरा सीईटीपी (सीईटीपी कॉमन एफ्लुएंट ट्रीटमेंट प्लांट) के जरिये फिर से उपयोग में लाया जा सकेगा।
विज्ञापन


-

अंबुजा सहित कई औद्योगिक भूखंडों के आवंटन पत्र का सीएम ने किया वितरण
लोकार्पण और शिलान्यास समारोह के मंच से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 400 करोड़ रुपये की लागत वाली कालेसर आवासीय योजना सेक्टर 11 के आवंटियों को आवंटन पत्र का वितरण किया। इसके अलावा उन्होंने गीडा क्षेत्र के कुछ निवेशकों और धुरियापार इंडस्ट्रियल टाउनशिप के प्रमुख निवेशकों अंबुजा सीमेंट (अडानी ग्रुप), श्रेयस डिस्टिलरीज एंड एनर्जी प्राइवेट लिमिटेड को औद्योगिक भूखंडों के वितरण का आवंटन पत्र प्रदान किया।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें