आजादी के जश्न की तरह आधा रात को लागू किया जीएसटी
अखिलेश ने कहा कि यह बदलाव का वक्त है। इस बार चूके तो पांच साल इंतजार करना पड़ेगा। गरीबों, मजदूरों, युवाओं, बेरोजगारों और किसानों को पीछे मुड़कर देखना होगा कि किस तरह से भाजपा की सरकार ने उन्हें दु:ख और तकलीफें दी हैं। 2017 में भाजपा ने नोटबंदी की। तब सरकार ने कहा था कि भ्रष्टाचार खत्म हो जाएगा। सब काला धन वापस आ जाएगा। आधी रात जैसे आजादी का जश्न मनाया गया था, ठीक उसी तरह आधी रात में जीएसटी लागू कर दिया। इससे छोटे कारोबारी और व्यापारी बर्बाद हो गए।
हवाई जहाज से लेकर ट्रेन तक सब बेच रहे
सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा सरकार, हवाई जहाज, हवाई अड्डे, रेल गाड़ियां और रेलवे स्टेशन की जमीन सबकुछ बेच रही है ताकि रोजगार देना ही न पड़े। कहा कि बाबा मुख्यमंत्री तो गोरखपुर के हैं, 5 साल तक यहां के भी युवाओं को नौकरी नहीं मिल सकी। किसानों की आय न ही दोगुनी हुई, न ही फसल के दाम मिल रहे हैं। खाद की जगह सिर्फ लाठियां मिल रही हैं। फर्टिलाइजर का प्लांट भी यहीं लगा है फिर भी खाद नहीं मिल पा रही।
जब से सिलिंडर दिखा दिया, प्रचार करना बंद कर दिए
स्मार्टफोन और लैपटॉप वितरण के भाजपा के दावे पर तंज कसते हुए अखिलेश ने कहा कि- यहां जनसभा में सभी नौजवानों के हाथों में स्मार्ट फोन दिख रहे हैं, क्या ये वही स्मार्ट फोन हैं, जो बाबा मुख्यमंत्री ने दिए ? वो तो कह रहे थे हमने एक करोड़ स्मार्ट फोन वितरित कर दिए। देते कैसे, क्योंकि उन्हें खुद स्मार्ट फोन चलाना नहीं आता। जब से लोगों ने भाजपा के एक नेता को लाल वाले सिलिंडर दिखा दिए, तभी से वह घर- घर जाकर प्रचार करना बंद कर दिया।