बेटे ने पिता को कुल्हाड़ी से काट डाला
बहन और भाभी पर भी किया हमला करने का प्रयास, हत्या का मामला दर्ज
खून से सनी कुल्हाड़ी गर्दन पर रखकर ग्रामीणों और पुलिस कर्मियों को ललकारा
ग्रामीणों के सहयोग से पुलिस ने कुल्हाड़ी के साथ आरोपी को गिरफ्त में लिया
अमर उजाला ब्यूरो
धनघटा/संतकबीरनगर। महुली क्षेत्र के गिठनी गांव में शनिवार को बेटे ने कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ प्रहार कर पिता को काट डाला। आरोपित ने बहन और भाभी पर भी हमला करने की कोशिश की, लेकिन अंदर से कमरा बंद करने उन्होंने जान बचाई। काफी देर कुल्हाड़ी गर्दन पर रख कर हत्यारोपित दरवाजे पर मौजूद ग्रामीणों और पुलिस को ललकारता रहा। मशक्कत के बाद ग्रामीणों के सहयोग से पुलिस ने आरोपित को गिरफ्त में ले लिया। हत्या की वजह पारिवारिक विवाद बताया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, सुरेश चौधरी (55) की बेटी पार्वती ने पुलिस को बताया कि उसके पिता गांव के तिराहे पर मेडिकल स्टोर चलाते थे। शनिवार सुबह करीब 11:30 बजे पिता घर पर भोजन करने आए। इसी दौरान पिता और भाई महेश चौधरी (27) में कहासुनी हो गई। पार्वती पिता के लिए चावल लेने अंदर चली गई। अचानक पिता की चीख सुनकर भाभी के साथ बरामदे में पहुंची तो देखा उसके भाई महेश चौधरी ने पिता के गले और सिर पर कुल्हाड़ी से हमला करके हत्या कर दी है। महेश ने हाथ में कुल्हाड़ी लेकर उसे और भाभी को भी मारने के लिए दौड़ा लिया, लेकिन इन्होंने कमरे में भागकर खुद को अंदर से बंद कर लिया। छत पर पहुंच कर शोर मचाई तो ग्रामीण जुट गए।
आरोप है कि आरोपित महेश हाथ में खून से सनी कुल्हाड़ी लेकर गांव वालों को ललकारने लगा। गांव वालों ने सूचना पुलिस को दी। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने ग्रामीणों के सहयोग से आरोपी महेश को कुल्हाड़ी के साथ गिरफ्त में ले लिया। इधर, सूचना पर नवागत एसपी सोनम कुमार, सीओ रामप्रकाश फॉरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम ने जांच कर नमूना जुटाया। पीड़ित बेटी ने आरोपी भाई महेश चौधरी के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। एसओ केडी सिंह ने बताया कि आरोपी महेश चौधरी के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया गया है। आरोपित पुलिस की हिरासत में है। पूछताछ की जा रही है।