गोरखपुर। दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय के कुछ विभागों और लगभग 25 कॉलेजों की लापरवाही का असर परीक्षा परिणामों पर पड़ रहा है। करीब 20 पाठ्यक्रमों के परीक्षा परिणाम आंतरिक या प्रायोगिक के अंक अपलोड न किए जाने के कारण जारी नहीं हो सके हैं। इसे लेकर सभी संबंधितों को 17 जून तक अंक अपलोड करने का निर्देश दिया है।
डीडीयू में छह अगस्त को दीक्षांत समारोह प्रस्तावित है। इसे देखते हुए लक्ष्य रखा गया था कि 15 जून तक यूजी व पीजी अंतिम वर्ष के सभी परीक्षा परिणाम जारी कर दिए जाएं। परीक्षा विभाग ने इसे लेकर कोशिश भी की। अब तक लगभग 35 पाठ्यक्रमों के परिणाम घोषित कर दिए गए हैं। अंतिम वर्ष के लगभग 20 से अधिक पाठ्यक्रमों के परिणाम अभी शेष रह गए हैं।
परीक्षा विभाग ने इस मामले को लेकर सभी संबंधितों को पत्र लिखा है। पत्र के मुताबिक, सत्र 2025-26 के सम सेमेस्टर के आंतरिक व प्रायोगिक के अंक अपलोड करने के लिए 13 जून तक का मौका दिया गया था। इस दौरान भी कई कॉलेजों ने अंक विश्वविद्यालय के पोर्टल पर अपलोड नहीं किया।
पांच हजार रुपये अर्थदंड की चेतावनी
डीडीयू प्रशासन ने 16 जून को जारी पत्र में विश्वविद्यालय के संबंधित विभागों और कॉलेजों को चेतावनी भी दी है। इसके मुताबिक, 17 जून तक अंक अपलोड करना होगा। इस दौरान अंक अपलोड नहीं करने पर परीक्षाफल घोषित कर दिया जाएगा। इसके बाद अंक अपलोड करने के लिए 5000 रुपये का अथदंड भी लगाया जाएगा।
बोले परीक्षा नियंत्रककुछ विषयों के आंतरिक और प्रायोगिक के अंक नहीं मिलने के कारण उनके परिणाम जारी नहीं किए जा सके हैं। इसके लिए सभी कॉलेजों को अंतिम अवसर दिया गया है। सभी संबंधित निर्धारित अवधि में अंक अपलोड करना सुनिश्चित करें।
- डॉ. कुलदीप सिंह, परीक्षा नियंत्रक,
डीडीयू