बड़हलगंज (गोरखपुर)। बड़हलगंज पुलिस ने एटीएम कार्ड बदलकर ठगी के तीन आरोपियों को सीसीटीवी फुटेज की मदद से सोमवार की रात क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के पास से 92 हजार रुपये नकद, 14 एटीएम कार्ड, एक चार पहिया वाहन और तीन मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोहित साहनी निवासी खजांची चौराहा सेमर नंबर 2 थाना गुलरिहा, सुरजीत उर्फ छोटेलाल निवासी बैदौली बाबू थाना बांसगांव व श्याम प्रकाश दुबे उर्फ पिंटू निवासी बहादुरपुर थाना बेलघाट के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, मोहित साहनी के खिलाफ कुशीनगर, गोरखपुर और बलिया में कुल 19 मामले दर्ज हैं। वहीं सुरजीत पर गोरखपुर और कुशीनगर में 19 प्राथमिकी और श्याम प्रकाश दुबे पर गोरखपुर में पांच मामले दर्ज हैं।
थाना प्रभारी सुनील कुमार राय ने बताया कि 29 मार्च को कोहड़ा भावर निवासी विजय यादव ने शिकायत दी थी कि वह अपने पिता के साथ एसबीआई एटीएम बड़हलगंज पर रुपये निकालने गए थे। वहां कुछ अज्ञात लोगों ने पासवर्ड देखकर उनका एटीएम कार्ड बदल लिया और 27,500 रुपये निकाल लिए। इसी तरह अर्जुन मौर्य और शकुंतला देवी के साथ भी ठगी की घटना सामने आई थी।
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे जरूरतमंद लोगों को निशाना बनाते थे। पहले उनका एटीएम कार्ड चोरी कर लेते थे और फिर झांसा देकर कार्ड बदल देते थे। इस दौरान वे पीड़ित का पिन कोड देख लेते थे और बाद में दूसरे एटीएम से रुपये निकाल लेते थे। दोपहर बाद सभी आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया। वहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
लंबा आपराधिक इतिहास, गैंगस्टर से लेकर हत्या की कोशिश तक के आरोप
एटीएम कार्ड बदलकर ठगी करने वाले गिरोह पर पुलिस का शिकंजा, पेशेवर अपराधियों की खुली पूरी कुंडली
बड़हलगंज। एटीएम कार्ड बदलकर ठगी करने वाले गिरोह के तीन शातिर बदमाशों की गिरफ्तारी के बाद उनका लंबा आपराधिक इतिहास सामने आया है। पुलिस की जांच में पता चला कि ये आरोपी सिर्फ ठगी ही नहीं, बल्कि लूट, गैंगस्टर एक्ट और हत्या की कोशिश जैसे गंभीर मामलों में भी लिप्त रहे हैं।
गिरफ्तार आरोपी मोहित साहनी, सुरजीत उर्फ छोटेलाल और श्याम प्रकाश दूबे उर्फ पिंटू के खिलाफ गोरखपुर के पिपराइच, पीपीगंज, शाहपुर, गोला, सिकरीगंज, बड़हलगंज में, कुशीनगर के तमकुहीराज, अहिरौली बाजार, कप्तानगंज, रामकोला और बलिया के कोतवाली कई मामले दर्ज हैं। पुलिस के अनुसार, मोहित साहनी पर 19 से अधिक गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिनमें ठगी, लूट, आर्म्स एक्ट और हत्या की कोशिश जैसे आरोप शामिल हैं।
वहीं सुरजीत उर्फ छोटेलाल का भी आपराधिक इतिहास बेहद खतरनाक है। उसके खिलाफ गैंगस्टर एक्ट, ठगी, चोरी, आर्म्स एक्ट और साजिश जैसे मामलों में कई मुकदमे दर्ज हैं। कुशीनगर और गोरखपुर में वह लंबे समय से सक्रिय रहा है और संगठित अपराध में लिप्त रहा है। तीसरे आरोपी श्याम प्रकाश दुबे उर्फ पिंटू पर भी कई संगीन मामले दर्ज हैं, जो इस गिरोह का सक्रिय सदस्य रहा है और ठगी की घटनाओं में शामिल रहा है।
बड़हलगंज थाना प्रभारी सुनील कुमार राय के अनुसार, गिरोह एटीएम में भोले-भाले लोगों को झांसे में लेकर उनका कार्ड बदल देता था और पिन कोड जानकर खाते से रुपये साफ कर देता था। पुलिस अब इनके नेटवर्क और अन्य साथियों की भी तलाश में जुटी है।