ब्रांडेड बोतल में नकली शराब बेचने वाला दबोचा गया
गोरखपुर। ब्रांडेड बोतल में नकली शराब बनाकर बेचने वाले एक शख्स को कैंट पुलिस ने शनिवार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। कैंट पुलिस ने आरोपित को रेलवे स्टेशन के पास से पकड़ा। तलाशी के दौरान उसके पास से नकली क्यूआर कोड, देशी शराब के 1985 ढक्कन, ब्रांडेड शराब के करीब 500 ढक्कन, 200 के करीब खाली बोतल बरामद किया गया है। दस लीटर कच्ची शराब, नौशादर और यूरिया भी मिला है।
आरोपित की पहचान गुलरिहा के बिस्टौली निवासी अजय सिंह के रूप में हुई है। कैंट इंस्पेक्टर सुधीर सिंह ने बताया कि रेलवे स्टेशन पर मारवाड़ी होटल के बगल गली में अवैध तरीके से शराब बनाकर ब्रांडेड बोतल में भरने की सूचना पुलिस को शुक्रवार की रात में मिली थी। पुलिस ने जांच की तो वहां से भारी मात्रा में शराब की खाली बोतल, ढक्कन बरामद कर लिया गया है। पूछताछ में आरोपित ने बताया कि कच्ची शराब में ही थोड़ा अंग्रेजी शराब मिलाकर वह ब्रांडेड बोतल में भर देता था। फिर नकली क्यूआर कोड का इस्तेमाल कर उसे हरियाणा की शराब बताकर रेलवे स्टेशन के दुकानों पर खपा दिया करता था। रात में अंग्रेजी शराब की दुकान बंद होने के बाद लोग जब खोजते आते थे तब यह बढ़ी हुई कीमत पर शराब को बेच देता था। आरोपित को पुलिस ने कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया है।