गोरखपुर। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी को लेकर शहर से लेकर गांव तक उत्साह चरम पर है। शुक्रवार रात जिले में 137 स्थानों पर झांकियां सजाई जाएंगी जबकि एक स्थान से शोभायात्रा निकलेगी। श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा और यातायात की व्यापक तैयारी की है। प्रमुख मंदिरों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहेगा। महिलाओं की सुरक्षा के लिए सादे कपड़ों में भी पुलिसकर्मी निगरानी करेंगे।
गोरखनाथ मंदिर, गोलघर जलकल भवन, गोपाल मंदिर, बेतियाहाता हनुमान मंदिर और पीएसी परिसर में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। इन स्थानों पर पुलिसकर्मियों की विशेष तैनाती की गई है। संबंधित थानेदार और चौकी प्रभारी अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार भ्रमणशील रहकर सुरक्षा व्यवस्था पर नजर रखेंगे। संवेदनशील इलाकों में सीसी कैमरों के जरिये निगरानी की जाएगी। भीड़ के कारण यातायात प्रभावित न हो, इसके लिए प्रमुख चौराहों पर अतिरिक्त पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं।