हरपुर बुदहट के ईंट भट्ठा के चौकीदार ओम प्रकाश।
- फोटो : अमर उजाला।
गोरखपुर जिले में हरपुर बुदहट इलाके के सोनबरसा-समुदा रोड पर स्थित ईंट भट्ठे पर बुधवार की रात 6-7 की संख्या में पहुंचे बदमाशों ने चौकीदार को बंधक बनाकर ट्रैक्टर-ट्राॅली लेकर फरार हो गए। आरोप है कि वारदात के बाद बदमाश पूरी रात चौकीदार के आंख पर काली पट्टी बांधकर उसे साथ में घुमाते रहे और सुबह बेलघाट के कम्हरिया घाट के पास छोड़ दिए। पुलिस प्रथम दृष्टया घटना को संदिग्ध मानकर जांच कर रही।
चौकीदार ओम प्रकाश के मुताबिक, रात 11 बजे सोनबरसा-समुदा रोड पर स्थित डीएनडी ईंट भट्ठे पर चार पहिया वाहन से 6 से 7 की संख्या में बदमाश आए और उसे बंधक बना लिए। दो बदमाश ईंट-भट्ठा प्रांगण में रखी ट्रैक्टर-ट्राॅली लेकर फरार हो गए, जबकि चार बदमाशों ने
चौकीदार के आंख पर पट्टी बांधकर अपने साथ चार पहिया वाहन में बैठा लिया। बृहस्पतिवार की सुबह मुंशी जब ईंट भट्टे पर पहुंचे उसके बाद उन्हें घटना की जानकारी हुई। उन्होंने मालिक अवनीश तिवारी को सूचना दी। उसके बाद पुलिस को जानकारी दी गई। इस बीच बृहस्पतिवार सुबह चौकीदार ओमप्रकाश मिल गए।
खजनी सीओ अनिल कुमार सिंह ने बताया कि हरपुर बुदहट पुलिस बेलघाट के कम्हरिया घाट पहुंचकर चौकीदार से पूछताछ कर रही है। मामला सही है या फर्जी पुलिस इसकी जांच कर रही है, जल्द ही मामले का पर्दाफाश कर लिया जाएगा।