एसबीआई की ओर से विशेष ऋण शिविर (लोन मेला) गोरखपुर और बस्ती मंडल के सभी जिलों में मंगलवार को एक साथ आयोजित किया जाएगा। इसके तहत एक ही स्थान से सभी तरह का लोन हासिल किया जा सकेगा। गोरखपुर में भारतीय स्टेट बैंक की मुख्य शाखा में इस शिविर का आयोजन होगा।
भारतीय स्टेट बैंक के डीजीएम संजीव कुमार ने बताया कि त्योहारों के मौके पर ग्राहकों की सुविधा के लिए शिविर में बैंक के सारे उत्पाद एवं सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इसमें होम लोन, कार लोन, गोल्ड लोन, पर्सनल लोन, व्यवसाय लोन तथा सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं के बारे में जानकारी दी जाएगी।
एसबीआई डिजिटल उत्पादों के बारे में भी ग्राहकों को जागरूक किया जाएगा। ग्राहक एसबीआई योनो ऐप के माध्यम से अपना खाता भी खुलवा सकते हैं तथा अन्य खातों के लिए आवेदन पत्र जमा करा सकते हैं। शिविर में विभिन्न बिल्डर एवं कार डीलर भी मौजूद रहेंगे ताकि ग्राहक कार और घर पसंद कर तत्काल उनके लिए ऋण मंजूर करा सकें।