पिपरौली। जिला अस्पताल के पास सैलून चलाने वाले युवक और उसके मामा से मारपीट व लूटपाट का मामला सामने आया है। गीडा थाना क्षेत्र के नगवां, जैतपुर निवासी विरेंद्र शर्मा ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
विरेंद्र के मुताबिक मंगलवार रात करीब 11 बजे वह सैलून बंद कर मामा अविनाश शर्मा के साथ बाइक से घर लौट रहा था। छपिया चौराहे के पास भीड़ में मौजूद कुछ लोगों ने उन्हें रोक लिया और गाली-गलौज की। किसी तरह वहां से निकलकर दोनों खानीमपुर स्थित पेट्रोल पंप पर बाइक में तेल लेने पहुंचे। आरोप है कि इसी दौरान मैजिक वाहन से कुछ लोग पेट्रोल पंप पर पहुंचे और दोनों पर हमला कर दिया। मारपीट में विरेंद्र और अविनाश घायल हो गए। हमलावरों ने बाइक में तोड़फोड़ की और दोनों के हेलमेट उठाकर भाग निकले।
प्रभारी निरीक्षक गीडा अश्वनी पांडेय ने बताया कि तहरीर मिली है। मामले की जांच की जा रही है। जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।