गोरखपुर। रक्षाबंधन के पहले खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने बृहस्पतिवार को खजनी और सहजनवां तहसील क्षेत्र में मिठाई की दुकानों पर छापा मारा। कार्रवाई के दौरान खजनी में करीब 50 किलोग्राम खराब गुणवत्ता वाले रसगुल्ले मिले, जिन्हें टीम ने मौके पर ही नष्ट करा दिया। कार्रवाई की भनक लगते ही कई दुकानदार दुकानें बंद कर चले गए। इससे क्षेत्र में हड़कंप मचा रहा। वहीं, सहजनवां में गंदगी के बीच मिठाई बनाने पर संचालक को नोटिस जारी किया।
खजनी क्षेत्र में टीम ने कई मिठाई की दुकानों का औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान गुणवत्ता खराब मिलने पर करीब 50 किलो रसगुल्ले नष्ट कराए गए। विभाग की कार्रवाई के बाद दुकानदारों में खलबली मच गई। इसके बाद टीम ने सहजनवां क्षेत्र में मिठाई की दुकानों की जांच की। एक दुकान पर लड्डू में तय सीमा से अधिक रंग का इस्तेमाल पाया गया। मिठाइयां गंदगी के बीच बनाए जाने पर भी टीम ने नाराजगी जताई। दुकान संचालक को नोटिस जारी किया गया। साथ ही खोवा का नमूना लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारियों ने बताया कि रक्षाबंधन को देखते हुए मिलावटी और खराब खाद्य पदार्थों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। जांच के दौरान गड़बड़ी मिलने पर संबंधित दुकानदारों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
वर्जन
त्योहार के दौरान मिलावटी खाद्य पदार्थ बेचने वालों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा। मिलावट के खिलाफ आगे भी अभियान जारी रहेगा।
- डॉ. सुधीर कुमार सिंह, सहायक आयुक्त, खाद्य सुरक्षा