जल निगम कर्मियों को पांच माह से वेतन और पेंशन नहीं मिली है। इससे अब उनके घरों में दाना-पानी का संकट उत्पन्न हो गया है। ये बातें शुक्रवार को निगम कर्मियों के सत्याग्रह आंदोलन के 23वें दिन धर्म प्रकाश माहेश्वरी ने कहीं।
उत्तर प्रदेश जल निगम संघर्ष समिति लखनऊ के निर्देशों के अनुपालन में शुक्रवार को जल निगम कर्मियों का सत्याग्रह आंदोलन 23वें दिन जारी रहा। कार्यालय अधिशासी अभियंता दशम खंड उत्तर प्रदेश जल निगम गोरखपुर में भोजन अवकाश के समय गोरखपुर के अंतर्गत कार्यरत अधिकारियों/कर्मचारियों एवं सेवानिवृत्त कर्मचारी आंदोलन में रहे।
इस दौरान सभा की अध्यक्षता कर रहे धर्म प्रकाश माहेश्वरी व अन्य ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से बकाया पेंशन और वेतन जल्द से जल्द जारी करने की मांग की। सत्याग्रह आंदोलन में धर्म प्रकाश माहेश्वरी, अरुण कुमार पांडेय, राम कृष्ण त्रिपाठी, चित्र प्रसाद, नितेश कुमार नायक, लालमन, दिनेश्वर प्रसाद ओझा, अशोक कुमार पाठक, रवींद्र प्रसाद दुबे, राम मिलन, मो. अमीन, मंगरू प्रसाद, केएस श्रीवास्तव, सुभाष चंद्र, माता प्रसाद, प्रमोद कुमार श्रीवास्तव, सत्येंद्र कुमार शर्मा, राम नाथ एवं चंद्र प्रकाश शर्मा उपस्थित रहे। सभा का संचालन चंद्र प्रकाश शर्मा ने किया।