भूमि अधिग्रहण होगा तेज
गोरखपुर की सहजनवां-दोहरीघाट रेल लाइन का काम अब तेजी से होगा। बजट आने से भूमि अधिग्रहण का काम तेजी से होगा। सहजनवां से दोहरीघाट के बीच 12 स्टेशन बनाए जाने हैं। इसमें एक जंक्शन, सात क्रासिंग स्टेशन और चार हाल्ट स्टेशन हैं। इसमें सहजनवां, खजनी, उनवल, बांसगांव, गोला बाजार, बड़हलगंज, दोहरीघाट स्टेशन शामिल है। इस परियोजना के पूरा होने से गोरखपुर से बनारस की दूरी 30 किलोमीटर कम हो जाएगी। अब बजट में नई रेल लाइनों के लिए 535 करोड़ रुपये आवंटित किए जाने से इस काम को और रफ्तार मिलेगी। इस लाइन के साथ ही खलीलाबाद-श्रावस्ती-बहराइच नई रेल लाइन के भी काम में तेजी आएगी। इस लाइन के लिए जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया चल रही है।
डोमिनगढ़-कुसम्ही तीसरी लाइन निर्माण होगा तेज
डोमिनगढ़ से कुसम्ही के बीच करीब 16 किमी लंबी तीसरी लाइन बिछाने का काम तेज हो जाएगा। रेल बजट में इसके लिए भी धन मिला है। इस वर्ष दिसंबर तक इस कार्य को पूरा करना है। इसके बनने से गोरखपुर जंक्शन पर ट्रेनों का भार कम हो जाएगा। वहीं, आउटर पर ट्रेनें खड़ी नहीं होगी।
रेल दोहरीकरण के काम में आएगी तेजी
दोहरीकरण की विभिन्न परियोजनाओं-छपरा-बलिया, गाजीपुर सिटी-औंड़िहार, माधोसिंह-प्रयागराज, फेफना-इंदारा, मऊ-शाहगंज, भटनी-औंड़िहार, औंड़िहार-जौनपुर, मल्हौर-डालीगंज, गोरखपुर कैंट-बाल्मिकी नगर, गोरखपुर-नकहा जंगल, डोमिनगढ़-कुसम्ही तीसरी लाइन, बुढ़वल-गोंडा तीसरी लाइन के लिए कुल 2192 करोड़ आवंटित किए गए हैं। इससे इस काम में भी तेजी आएगी।