हवाई जहाज से अगर कोलकाता या मुंबई जाना है तो आपके पास कोरोना संबंधी आरटीपीसीआर निगेटिव रिपोर्ट होनी चाहिए। सभी एयरलाइंस ने मुंबई और कोलकाता जाने वाले लोगों के लिए आरटीपीसीआर निगेटिव रिपोर्ट की अनिवार्यता कर दी है। इसके नहीं रहने पर यात्रियों को यात्रा करने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
मुंबई और कोलकाता में संपूर्ण लॉकडाउन है। इसी वजह से उन प्रदेश की सरकारों ने अन्य प्रदेशों से आने वाले सभी हवाई यात्रियों के लिए कोरोना संबंधी आरटीपीसीआर की निगेटिव रिपोर्ट की अनिवार्यता कर दी है।
उन प्रदेश की सरकारों के आदेश के क्रम में सभी एयरलाइंस संचालकों ने भी कोलकाता और मुंबई जाने वाले यात्रियों के लिए आरटीपीसीआर निगेटिव रिपोर्ट की अनिवार्यता की व्यवस्था लागू कर दी है।
एयरपोर्ट डायरेक्टर प्रभाकर बाजपेयी ने बताया कि मुंबई जाने वाले यात्रियों को 48 घंटे के अंदर की आरटीपीसीआर की अनिवार्यता की गई है, वहीं कोलकाता जाने वाले यात्रियों को 72 घंटे के दौरान कराई गई आरटीपीसीआर रिपोर्ट अनिवार्य की गई है।