रामगढ़ताल में वाटर स्पोर्ट्स की गतिविधियों को बढ़ाने के लिए ताल के समीप वाटर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के रूप में योगी सरकार द्वारा उपलब्ध कराए गए शानदार इंफ्रास्ट्रक्चर के परिणाम सामने आने लगे हैं। रामगढ़ताल इसी माह 22 से 26 अक्टूबर तक आयोजित होने वाली सब जूनियर राष्ट्रीय रोइंग प्रतियोगिता की मेजबानी करने जा रहा है।
इसके पहले मई 2023 के खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स की रोइंग प्रतियोगिता भी यहां सफलतापूर्वक आयोजित हो चुकी। सब जूनियर राष्ट्रीय रोइंग प्रतियोगिता के उद्घाटन या समापन पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी मौजूद रह सकते हैं।
सब जूनियर राष्ट्रीय रोइंग प्रतियोगिता की तैयारियों को लेकर मंगलवार को मंडलायुक्त अनिल ढींगरा ने समीक्षा बैठक की। बैठक में बताया कि प्रतियोगिता में देशभर से करीब ढाई सौ खिलाड़ी प्रतिभाग करेंगे। मंडलायुक्त ने कहा कि आने वाले प्रतिभागियों को बेहतरीन सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
उन्होंने समय पूर्व रामगढ़ताल में लेन कोर्स बनाने, खिलाड़ियों की प्रतियोगिता के दौरान सुरक्षा के लिए एनडीआरएफ/एसडीआरएफ की छह सेफ्टी बोट्स तैनात करने के निर्देश भी दिए। इसके अलावा प्रतियोगिता स्थल के आसपास सफाई, अस्थायी टॉयलेट और शुद्ध पेयजल के लिए नगर निगम और सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस विभाग को जरूरी हिदायतें दी गईं।