गोरखपुर शहर में धनतेरस से लेकर दिवाली तक यातायात का भारी दबाव रहेगा। इसे देखते हुए गोलघर में शुक्रवार से लेकर रविवार की आधी रात यानी तीन दिन तक ट्रैफिक का डायवर्जन रहेगा। इस दौरान गोलघर समेत प्रमुख बाजारों में ऑटो, ई-रिक्शा और लोडर के आने-जाने पर रोक रहेगी।
ऐसे में अगर कार से बाजार जा रहे हैं तो अपने वाहन को पार्किंग में ही खड़ा करें। वरना जाम में फंसेंगे और चालान होने पर जुर्माना भी भरना पड़ेगा। उधर, यातायात पुलिस ने लोगों की मदद के लिए हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए हैं।
बृहस्पतिवार से ही धनतेरस के लिए बाजार सज गए। गोलघर समेत अन्य जगहों पर सड़क के दोनों ओर पटरियों पर सजावटी सामान, मूर्तियों सहित अन्य की दुकानें लग गईं। इससे सड़क के दोनों ओर जगह नहीं बची है। बृहस्पतिवार की दोपहर 2.32 मिनट पर गोलघर बाजार में सड़क पर दोनों ओर बाइक और कारें खड़ी नजर आईं। इनके अगल-बगल ही दिवाली से संबंधित सामान बेचने के लिए कुछ दुकानदार मेज लगा चुके थे।
इसे भी पढ़ें: इस बार छह दिनों का होगा दीपावली का उत्सव, आज धनतेरस से होगी शुरुआत
इससे पटरियों से लेकर सड़क पर जगह नहीं बची है। इससे शुक्रवार को वाहन लेकर बाजार में जाने से दिक्कत हो सकती है। विभिन्न जगहों पर खरीदारी के लिए भीड़ उमड़ेगी। ऐसे में यातायात पुलिस ने धनतेरस और दीपावली पर रूट डायवर्जन किया है। इसलिए, शुक्रवार की सुबह 10 बजे से लेकर दिवाली (रविवार) की रात 12 बजे तक रूट डायवर्जन प्रभावी रहेगा।