लॉकडाउन के चलते ठप पड़े रोडवेज बसों के संचालन को एक जून से पटरी पर लाने की योजना है। बसों को चलाने को लेकर जो भी नियम लागू किए जाएंगे उसके क्रियान्वयन की जिम्मेदारी चालक एवं परिचालक की होगी। शुक्रवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से परिवहन निगम के एमडी डॉ. राजशेखर ने अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
एमडी ने कहा कि बसों का संचालन शुरू होने पर यात्रियों के अलावा चालक-परिचालक, बस स्टेशन कर्मियों को भी थर्मल स्क्रीनिंग के बाद ही परिसर में प्रवेश दिया जाए। परिसर में यात्रियों और बसों के लिए अलग-अलग प्रवेश द्वार होंगे। इसके लिए बैरिकेडिंग की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।
आरएम और एआरएम को निर्देश दिया कि सभी तैयारियां पूरी कर लें। जिससे सूचना पर बसों का संचालन तत्काल शुरू कराया जा सके। इस दौरान आरएम डीवी सिंह, धनजी राम, एआरएम केके तिवारी, रामविजय आदि मौजूद रहे।