गोरखपुर जिले के सहजनवां इलाके में लखनऊ हाइवे पर मंगलवार सुबह बाइक सवार को बचाने के चक्कर में ट्रेलर चालक ने ब्रेक मार दी और पीछे से आ रही रोडवेज की बस ट्रेलर में घुस गई। हालांकि, बस चालक ने भी ब्रेक मारा जिससे बड़ा हादसा होने से गया। हादसे में छह यात्रियों को मामूली रूप से चोट आई है। उपचार कराने के बाद सभी घर चले गए। लखनऊ से पड़रौना जा रही हमीरपुर डिपो की बस में 35 यात्री सवार थे।
जानकारी के मुताबिक, उत्तराखंड के रुद्रपुर से बिजली का सामान लेकर ट्रेलर चालक गोरखपुर आ रहा था। मंगलवार सुबह नौ बजे सहजनवां क्षेत्र में सरैया स्थित एक इंटर कॉलेज के पास सामने अचानक एक बाइक सवार आ गया। उसे बचाने के चक्कर में चालक ने ब्रेक लिया।
इसी दौरान पीछे से आ रही हमीरपुर डिपो की बस जिसमें 35 यात्री सवार थे अंसुलित होकर पीछे से ट्रेलर में जा भिड़ी। दुर्घटना में बस का अगला हिस्सा व शीशा क्षतिग्रस्त हो गया। गांव के लोगों ने यात्रियों को बस से सुरक्षित नीचे उतारा।
एसपी नार्थ मनोज अवस्थी ने बताया कि ट्रक व बस को कब्जे में लिया गया है। मामूली रूप से घायल यात्री उपचार कराने के बाद घर चले गए। लखनऊ से आ रही हमीरपुर डिपो की बस पड़रौना जा रही थी।