गोलघर काली मंदिर चौराहे पर क्षेत्राधिकारी कैंट का दफ्तर है। सड़क चौड़ीकरण कर उसे भी पीछे की तरफ किया जाएगा। अभी दफ्तर सड़क की तरफ है। प्रवेश द्वार और पार्किंग का हिस्सा सड़क से सटा है। दफ्तर पीछे होने से सड़क चौड़ी हो जाएगी। इसके बगल की बाउंड्री के पास ट्रांसफार्मर लगा है। इसे भी हटाकर सड़क के पीछे की तरफ किया जाएगा।
अवर अभियंता लोक निर्माण विभाग भगवंत सिंह ने बताया कि सड़क चौड़ीकरण का काम कराया जा रहा है। बिजली निगम को दस लाख रुपये दिए गए हैं। तार व पोल जैसे ही हटेंगे, वैसे ही काम तेजी से निपटाया जाएगा। सड़कों के चौड़ीकरण से जाम की समस्या खत्म होगी।
एसडीओ बिजली निगम ऐश्वर्य सिंह ने बताया कि काली मंदिर की सड़क चौड़ी की जानी है। जल्द ही खंभा, तार शिफ्ट कराया जाएगा। टेंडर प्रक्रिया कराई जा रही है। 400 केवीए के ट्रांसफार्मर हटाकर पीछे किए जाएंगे।
अधिशासी अभियंता टाउनहाल नवनीत प्रजापति और एसडीओ गोलघर ऐश्वर्य सिंह ने बेतियाहाता इलाके का निरीक्षण किया है। यहां अंडरग्राउंड केबल का काम किया गया है। अधिकारियों ने दुकानों के बाहर लगे मीटर को देखा। इस दौरान कुछ स्थानीय लोग भी मौजूद रहे। सबने अधिकारियों को अपनी परेशानी भी बताई है। इस इलाके में लगभग सभी दुकानों व कामर्शियल भवनों में स्मार्ट मीटर लगा दिया गया है। ओवरहेड लाइन को पहले ही हटाकर अंडरग्राउंड कर दिया गया है। पिछले महीने ही अंडरग्राउंड केबल से बिजली आपूर्ति शुरू कर दी गई है।