जीडीए की ओर से प्रस्तावित राप्तीनगर विस्तार टाउनशिप एवं स्पोर्ट्स सिटी योजना के लिए बुधवार को दोबारा रिक्वेस्ट फाॅर प्रपोजल जारी किया गया है। तकनीकी निविदा में एक ही कंपनी के सफल होने के कारण पर्याप्त प्रतिस्पर्धा के अभाव में टेंडर को निरस्त कर दिया गया। नई आरएफपी के तहत कंपनियां 20 जनवरी तक आवेदन कर सकेंगी।
जीडीए की ओर से मानबेला क्षेत्र में लगभग 207 एकड़ में राप्तीनगर टाउनशिप एवं स्पोर्ट्स सिटी योजना विकसित करने का प्रस्ताव तैयार किया गया है। चयनित होने वाली कंपनी को इसमें से टाउनशिप के लिए ढांचागत विकास करना है और 30 एकड़ में प्रस्तावित स्पोर्ट्स सिटी योजना में निर्माण कार्य भी करने होंगे। इसके बदले जीडीए की ओर से निर्धारित भूमि कंपनी को दी जाएगी।
जीडीए की ओर से 30 दिसंबर तक निविदा आमंत्रित की गई थी। दो कंपनियों की ओर से रुचि दिखाते हुए निविदा डाली गई। जांच में मेसर्स गैलेंट लाइफस्पेस डेवलपर प्राइवेट लिमिटेड को सफल पाया गया। दूसरी कंपनी मेसर्स भारत नगर हाउसिंग तकनीकी बोली में सफल नहीं हो सकी।
जीडीए के प्रभारी मुख्य अभियंता किशन सिंह ने बताया कि अब नए सिरे से आरएफपी जारी की गई है। जीडीए उपाध्यक्ष आनंद वर्द्धन ने बताया कि तकनीकी कारणों से पुरानी निविदा को निरस्त किया गया है। दोबारा आरएफपी जारी कर दी गई है। इच्छुक फर्में 20 जनवरी तक आवेदन कर सकती हैं।