नगर निगम इंफोर्समेंट टीम के लीडर सेवानिवृत्त कर्नल सीपी सिंह।
- फोटो : अमर उजाला।
नगर निगम इंफोर्समेंट टीम के लीडर सेवानिवृत्त कर्नल सीपी सिंह ने इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने कहा है कि वह उसूलों से समझौता नहीं कर सकते। नगर आयुक्त ने उनका इस्तीफा शासन को भेज दिया है। इस्तीफे को हाल ही में पार्षदों के साथ इंफोर्समेंट टीम से हुए विवाद से जोड़कर देखा जा रहा है। लेकिन, नगर आयुक्त के मुताबिक इस्तीफे का पार्षदों के साथ हुए हालिया विवाद से कोई लेना-देना नहीं है।
करीब दो सप्ताह पहले नगर निगम सदन में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान पार्षदों और इंफोर्समेंट टीम के सदस्यों के बीच झड़प हुई थी। इस दौरान इंफोर्समेंट टीम के सदस्यों पर पार्षदों की गाड़ियों की हवा निकालने और नगर निगम के पूर्व उपसभापति रहे मुफ्तीपुर के पार्षद जियाउल इस्लाम के साथ दुर्व्यवहार का आरोप था। सभी दलों के पार्षदों ने एकजुट होकर इंफोर्समेंट टीम के इस रवैये का विरोध किया था और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की भी मांग की थी।
इसके बाद मेयर ने मामले को सुलझाने की कोशिश के तहत भाजपा पार्षदों के साथ बैठक की। लेकिन, सपा पार्षद लगातार विरोध जताते रहे। उन्होंने, दुर्व्यवहार करने वाले इंफोर्समेंट टीम के सदस्यों के खिलाफ कार्रवाई की मांग भी की थी।
इस बात की चर्चा भी है कि नगर आयुक्त ने भी बातचीत से मामले का हल निकालने की कोशिश की, लेकिन कर्नल सीपी सिंह ने अपने टीम के सदस्यों की गलती को मानने से इंकार दिया था। अभी इस मामले में सुलह-सफाई का दौर चल ही रहा था कि उन्होंने अपना इस्तीफा नगर आयुक्त को दे दिया।