-यू-विन एप के जरिये टीकाकरण का हुआ शुभारंभ
-एक बार टीका लगने पर मैसेज भेज कर अगले टीके की तिथि याद दिलाएगा एप
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। कोविन की तर्ज पर शुरू किए गए यू-विन पोर्टल की शुरुआत बुधवार को जिले में शुरू हो गई। इस पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन कराने के बाद महिलाओं व बच्चों के टीकाकरण को लेकर चिंता करने की जरूरत नहीं होगी। टीकाकरण सत्र पर गर्भवती और बच्चे का नियमित टीकाकरण सरकार के यू-विन एप के जरिये सिर्फ मोबाइल नंबर और पहचानपत्र (आईडी) की मदद से हो जाएगा। इस एप की विशेषता यह है कि एक बार पंजीकरण के बाद टीका लग गया तो अगले टीके के लिए लाभार्थी के मोबाइल पर कई बार संदेश जाएगा।
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. संजय गुप्ता, यूएनडीपी संस्था के प्रतिनिधि अभिषेक और सहायक शोध अधिकारी राकेश चंद की टीम एप पर जिले के सभी टीकाकरण सत्र के सफल संचालन में जुटी हुई है। 415 सत्रों को एप के जरिये संचालित किया गया। इससे पहले 410 सत्र स्थलों पर बुधवार और शनिवार को नियमित टीकाकरण होता है।
सीएमओ डॉ. राजेश झा ने कहा कि केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की ओर से नई व्यवस्था के तहत लाभार्थी को सिर्फ एक मोबाइल और कोई एक पहचान पत्र देकर पंजीकरण करवाना है। कोविड टीकाकरण के समय जितने पहचान पत्र मान्य थे, वह सभी यू-विन एप पर भी मान्य होंगे। जिले के सभी ब्लॉक के चिकित्साधिकारियों, ब्लॉक कार्यक्रम प्रबंधक और डाटा एंट्री ऑपरेटरों को इसे लेकर प्रशिक्षित किया गया है।
एएनएन को सत्र स्थलों पर ही प्रशिक्षण देकर सत्र का संचालन किया जा रहा है। इस वर्ष जिले में एक लाख से अधिक बच्चे संपूर्ण प्रतिरक्षित हो चुके हैं। नई व्यवस्था से लाभार्थी परिवार बच्चे के टीकाकरण संबंधी प्रमाणपत्र को खुद डाउनलोड कर प्रधानमंत्री मातृ वंदन योजना जैसी योजनाओं का लाभ उठा सकेगा।
देश के किसी भी कोने में लग जाएगा टीका
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. संजय गुप्ता ने बताया कि एप पर पंजीकरण करवाने वाले लाभार्थी किसी अन्य प्रदेश में चले जाते हैं तो वहां भी आईडी और मोबाइल नंबर के जरिए उनके टीकाकरण के विवरण का पता चल जाएगा और शेष टीके वह दूसरे प्रदेशों में भी लगवा सकते हैं। बताया कि गर्भवती को दो बार टीडी का टीका लगाया जाता है, जबकि बच्चों के लिए जन्म से पांच वर्ष के भीतर सात बार टीकाकरण जरूरी है। इससे 13 प्रकार की गंभीर बीमारियों से बचाव होता है।
कोविन पर पंजीकरण है तो होगी आसानी
- जिन लोगों ने पोर्टल पर पंजीकरण कर कोविड टीकाकरण करवाया था उन्हें सिर्फ मोबाइल नंबर या आईडी दिखाना पड़ेगा और उनका पूरा विवरण यू-विन एप पर आ जाएगा। इस विवरण में गर्भावस्था या फिर बच्चे के जन्म आदि को अपडेट कराना होगा और फिर नियमित टीकाकरण की सुविधा इस एप के जरिए प्राप्त कर सकेंगे। टीके के लिए स्लॉट बुकिंग की सुविधा भी इसके प्राप्त हो सकेगी।