गोरखपुर कलेक्ट्रेट स्थित उप निबंधक प्रथम और द्वितीय दोनों के कार्यालय अवकाश में भी 14, 15 और 16 मई को खुले रहेंगे। इस दौरान संपत्ति की रजिस्ट्री का कार्य नहीं होगा। सिर्फ नकल जारी करने और मुआयना का काम होगा। लोगों की सुविधा के लिए डीएम विजय किरन आनंद के निर्देश पर एआईजी स्टांप कमलेश शुक्ला ने इस संबंध में शुक्रवार को निर्देश जारी कर दिया है।
निबंधन कार्यालय के रिकार्ड रूम में कर्मचारियों की कमी के कारण करीब एक महीने से बैनामा अभिलेखों की नकल जारी होने का काम प्रभावित हो गया है। इससे बड़ी संख्या में लोग परेशान हैं। आवेदन आने के दो या तीन दिन बाद रजिस्ट्री कार्यालय से एक कर्मचारी अभिलेखागार जाकर नकल तैयार कर रहा है।
घर बनवाने के लिए बैंक से ऋण की जरूरत है या किसी व्यवसाय के लिए हैसियत प्रमाणपत्र बनवाना हो, सभी काम प्रभावित हैं। लोग अधिवक्ताओं के यहां चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन नकल नहीं निकल पा रही है।
निबंधन विभाग के डीआईजी केपी पांडेय ने कर्मचारी उपलब्ध कराने के लिए महानिरीक्षक स्टांप को पत्र लिखकर अवगत भी कराया है, मगर कोई सुनवाई नहीं हुई। लोगों की परेशानी को देखते हुए डीएम ने अवकाश के दिन भी कलेक्ट्रेट स्थित दोनों उप निबंधक कार्यालय खोलने का निर्देश दिया है।